हिसार। करीब 15 वर्षीय नाबालिग लड़की ने एक व्यक्ति द्वारा छेड़छाड़ किए जाने की शिकायत पुलिस को दी है। पीड़िता ने अपनी मां पर भी आरोपी का पक्ष लेने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला संबंधित थाने राजगढ़ भेज दिया है।
पुलिस को दी शिकायत में 15 वर्षीय नाबालिग पीड़िता ने बताया कि उसकी मां और पिता की आपस में कम बनती है। उनके घर पर राजगढ़ के धर्मेंद्र का आना-जाना है। 19 मई को वह तथा उसकी मां घर पर थे। दोपहर करीब 2:30 बजे वह रसोई में चाय बना रही थी तो पीछे से आकर धर्मेंद्र ने उसका हाथ पकड़ लिया और छेड़छाड़ करने लगा। पीड़िता के अनुसार किसी तरह उसने स्वयं को छुड़वाया और अपनी मां को सारी बातें बताई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसकी मां ने आरोपी का पक्ष लिया। जब उसने यह बात अपने पिता को बताने की कही तो धर्मेंद्र व उसकी मां ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इस पर वह डर गई और अपने भाई को लेकर रिश्ते के चाचा के साथ हिसार के एक गांव में रह रहे अपने दादा-दादी के पास आ गई। 23 मई को उसके पिता जी को जहर के प्रभाव से तबीयत बिगड़ने पर हिसार के एक प्राइवेट अस्पताल में दाखिल कराया गया। उसके बाद उसने पूरी बात अपने दादा को बता दी। पीड़िता ने अपनी मां व धर्मेंद्र के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जांचकर्ता एएसआई दर्शना के अनुसार शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ 354, 354ए(आई), 452, 506, 34 और पोक्सो एक्ट के तहत जीरो एफआईआर दर्ज की है। केस को संबंधित थाना राजगढ़ जिला चुरू (राजस्थान) में आगामी जांच के लिए भेज दिया गया है।