फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दोपहर में कंपनी ने लगाया एटीएम, रात को ही उखाड़ ले गए बदमाश

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

बरवाला (हिसार)। शहर के मुख्य मार्ग पर स्थित एसबीआई के सामने लगे एक्सिस बैंक के एटीएम को बदमाश उखाड़कर ले गए। जिस एटीएम को बदमाश उखाड़कर ले गए, उसमें 11 लाख की नकदी थी। बदमाशों ने शुक्रवार अल सुबह साढे़ तीन बजे वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी में वारदात रिकॉर्ड हो गई।
इस दौरान बदमाशों ने मात्र 10 मिनट में एटीएम को तार से बांधा और अपने साथ लाई बोलेरो गाड़ी से घसीटते हुए चंडीगढ़ मार्ग की तरफ ले गए। मामले के संबंध में देर शाम तक बैंक के अधिकारियों या एटीएम कंपनी की तरफ से कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। वारदात के बाद से डीएसपी संजय बिश्नोई व थाना प्रभारी संदीप कुमार भी क्षेत्र में बदमाशों को तलाशने में लगे हुए हैं। हालांकि इस मामले में पुलिस को देर शाम तक कोई कामयाबी हासिल नहीं हुई। एटीएम उखाड़ने की वारदात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की फोरेंसिक टीम वारदात स्थल पर पहुंची और तथ्य जुटाए। दूसरी तरफ पुलिस की कई टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हुई हैं। पुलिस ने इस दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला।
विज्ञापन

तीन वाहनों में पहुंचे थे बदमाश
मिली जानकारी के अनुसार वारदात को अंजाम देने के लिए बदमाश अपने साथ तीन वाहन लेकर पहुंचे थे। इनमें आई 20 कार, बोलेरो गाड़ी व एक कैंटर शामिल थे। बदमाशों ने एक्सिस बैंक के एटीएम केबिन में तड़के तीन बजकर 20 मिनट पर एंट्री की। इस दौरान बोलेरो गाड़ी को उन्होंने एटीएम कक्ष के बाहर लगा दिया व एक बदमाश ने एटीएम को तार से बांध कर उसका दूसरा सिरा बोलेरो गाड़ी से बांध दिया। इस पूरी कार्रवाई को बदमाशों ने मात्र 10 मिनट में अंजाम दिया। फिर बदमाश बोलेरो में सवार हुए और एटीएम को घसीटते हुए चंडीगढ़ मार्ग की तरफ चल दिए। इसी बीच पुलिस को भी मामले की जानकारी मिल गई। पुलिस की पीसीआर और थाना प्रभारी की गाड़ी ने बोलेरो गाड़ी का पीछा किया, लेकिन बदमाश काबू नहीं आ पाए। बाद में पुलिस को जानकारी मिली कि वे बरवाला बाईपास के जींद मार्ग पर बने पुल के नीचे गाड़ियों सहित खड़े थे, लेकिन इस सबके बावजूद पुलिस के हाथ खाली रहे।
इसी दिन लगा था नया एटीएम
बदमाश एक्सिस बैंक के जिस एटीएम को शुक्रवार अल सुबह उखाड़कर ले गए हैं, वह एटीएम कंपनी द्वारा वीरवार दोपहर को ही लगाया गया था। इस दौरान एटीएम में करीब 11 लाख से अधिक की नकदी डाली गई थी। पुराने एटीएम के बार-बार खराब होने के चलते कंपनी ने यहां छोटे आकार वाला एटीएम लगाया था। बता दें कि इससे पहले भी करीब एक साल पहले बदमाशों ने एक्सिस बैंक के एटीएम को तोड़कर नकदी निकालने का प्रयास किया था, लेकिन एटीएम में नकदी नहीं थी और बदमाशों को खाली हाथ लौटना पड़ा था।

क्षेत्र के कई एटीएम पर तैनात नहीं हैं सुरक्षा गार्ड
शहर व आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न बैंकों के करीबन 15 एटीएम लगे हुए हैं, लेकिन बैंकों और कंपनियों ने अधिकतर एटीएम पर सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं किए हुए हैं। पुलिस प्रशासन एटीएम वाले बैंकों के अधिकारियों को सुरक्षा गार्ड की तैनाती के लिए कई बार नोटिस दे चुके हैं। जिस एक्सेस बैंक के एटीएम को बदमाश शुक्रवार अल सुबह तोड़कर अपने साथ ले गए हैं, इसकी सुरक्षा को लेकर पुलिस ने करीबन 10 बार बैंक अधिकारियों को गार्ड की तैनाती के लिए लिखा है। एक्सिस बैंक के एटीएम को पहले भी लूटने का प्रयास किया गया, लेकिन इस सबके बावजूद बैंक अधिकारियों ने सुरक्षा गार्ड की तैनाती के लिए कोई कदम नहीं उठाया।

बदमाशों ने पुलिस को दिया गच्चा
जब पुलिस एटीएम उखाड़ कर ले जाने वाले बदमाशों का पीछा कर रही थी, उस समय वे पुलिस को चकमा देने में कामयाब हो गए। जानकारी के अनुसार पुलिस को जैसे ही पता चला कि एटीएम को बोलेरो गाड़ी के पीछे बांधकर बदमाश घसीटते हुए चंडीगढ़ मार्ग की तरफ ले गए हैं तो पुलिस ने उनका पीछा किया। उस समय बदमाश चंडीगढ़ मार्ग बाईपास से अपनी गाड़ी को रॉन्ग साइड से जींद मार्ग पुल पर निर्माणाधीन सर्विस लेन पर ले गए। पुलिस बाईपास से जींद मार्ग पर तो पहुंच गई, लेकिन पुलिस जींद मार्ग पुल के ऊपर से बरवाला की तरफ ना आकर आगे खरकपूनिया की तरफ निकल गई। बाद में जब पुलिस को दोबारा सूचना मिली कि बदमाश जींद मार्ग पुल के नीचे हैं तो बदमाश पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां से फरार हो गए।
विज्ञापन

सड़क पर उठ रही थीं आग की लपटें
जब बदमाश एटीएम को कक्ष से बाहर खींचने के बाद उसे बोलेरो गाड़ी के पीछे बांधकर घसीटते हुए ले जा रहे थे तो मशीन से घर्षण के कारण सड़क पर आग की लपटें उठ रही थीं, लेकिन बावजूद इन सबके ना ही तो पुलिस के हाथ सुराग लगा और ना ही शहर के किसी बाशिंदे को बदमाशों की इस वारदात की भनक लगी।

पुलिस बदमाशों का सुराग लगाने के प्रयास में जुटी हुई है। उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही आरोपियों तक पहुंच जाएगी।
- संदीप कुमार, थाना प्रभारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें