हिसार। वर्ष 2018 के एक मामले में विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये ठगने के आरोप में पुलिस ने नई दिल्ली के पटेल नगर निवासी राहुल शर्मा को गिरफ्तार किया है। चमारखेड़ा निवासी ईश्वर ने जुलाई 2018 में राजेंद्र वासी चमारखेड़ा, दयानंद शर्मा वासी गुरेरा जिला भिवानी, राहुल शर्मा व उसकी पत्नी पूजा, राजेंद्र की बहन आदमपुर निवासी संतोष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस को दी शिकायत में ईश्वर ने बताया था कि गुरेरा निवासी दयानंद व चमारखेड़ा निवासी राजेंद्र के साथ उसकी अच्छी जान-पहचान थी। नवंबर 2015 में राजेंद्र, दयानंद शर्मा, पूजा, राहुल शर्मा, संतोष उसके घर मिलने आए थे। उसी समय उसका भतीजा रविंद्र व कुलदीप तथा भानजा दौलतपुर निवासी सुरेंद्र मौजूद थे। उन्होंने मेरे भतीजों व भानजे को विदेश को नौकरी के लिए भेजने के बारे में मुझे झांसा दिया और कहा कि वे तीनों को डॉक्टर का असिस्टेंट बनाकर विदेश भेजेंगे। इस प्रक्रिया में लगभग एक साल लगेगा। तीनों को पहले एक कोर्स करवाया जाएगा। इसमें 25 लाख रुपये लगेंगे। उसी समय उन्हें डेढ़ लाख रुपये दे दिए। इसके बाद 17 नवंबर 2015 को डेढ़ लाख नगद व एक लाख का चेक उनके खाते में जमा कराए। उसके बाद तीनों को भोपाल भेज दिया गया। शिकायत के अनुसार करीब एक साल तक तीनों के भोपाल में चक्कर लगवाते रहे। उन्होंने तीन-चार लाख रुपये और मांगे तो 21 दिसंबर 2015 को खाते में डाल दिए। फरवरी 2016 में घर आए तो फिर से पैसे मांगे, जिस पर एक लाख नगर दे दिए। उसके बाद 19 फरवरी 2016 को चार लाख रुपये दिल्ली भिजवाए तथा 13 मई 2016 को सुरेंद्र के पिता से सात लाख 50 हजार रुपये नकद लेकर राहुल शर्मा व पूजा शर्मा को दिल्ली में देकर आए। बाद में भतीजों व भांजे को वापस भेज दिया और आरोपियों से कोई संपर्क नहीं हो सका। जब उनसे जाकर पैसे मांगे गए तो उन्होंने देने से इनकार कर दिया। इस मामले में पुलिस ने राहुल को गिरफ्तार कर लिया है।