अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। बिजली निगम ने वीरवार को बरवाला चुंगी के विकास नगर में ट्रांसफार्मर से डायरेक्ट बिजली चोरी का केस पकड़ा। यहां ट्रांसफार्मर से तार के जरिये बिजली चोरी कर कांट्रेक्टर वेल्डिंग का काम कर रहा था। निगम की टीम ने लोड के हिसाब से इस कांट्रेक्टर पर 7 लाख 1 हजार 902 रुपये का जुर्माना लगाया।
सिटी सब डिविजन के एसडीओ धर्मबीर सिंह के नेतृत्व में गठित टीम को वीरवार को सूचना मिली कि विकास नगर में बिजली चोरी की जा रही है। विकास नगर सोसायटी के गेट लगाने व अन्य कार्य के लिए वेल्डिंग के कार्य के लिए बिजली चोरी हो रही है। एसडीओ धर्मबीर सिंह की टीम में शामिल जूनियर इंजीनियर गौरीशंकर, जेई विशाल कुमार, जेई कृष्ण कुमार आदि ने तुरंत बताए गए स्थान पर छापेमारी की। टीम ने जांच में पाया कि वहां पर कार्यरत कारीगर ट्रांसफार्मर से सीधे बिजली की तार जोड़कर जाली बनाने के लिए वेल्डिंग कर रहे थे। निगम टीम ने इसकी वीडियोग्राफी करवाई और कारीगरों से जानकारी ली। कारीगरों ने बताया कि यहां पर वेल्डिंग का कार्य विकास नगर के ही रामेश्वर सिंह को यह कांट्रेक्ट मिला हुआ है। बिजली निगम की टीम ने वहां पर वेल्डिंग कार्य के लिए चल रहे कार्य में खपत हो रही बिजली की लोड के हिसाब से गणना की। जांच में पाया गया कि करीब 14 किलोवाट के हिसाब से बिजली की चोरी हो रही थी। इस लोड के हिसाब से कांट्रेक्टर रामेश्वर सिंह पर 7 लाख 1 हजार 902 रुपये का जुर्माना लगाया। एसडीओ ने बताया कि निगम का यह अभियान जारी रहेगा।