अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
उकलाना में टेलीफोन एक्सचेंज के नजदीक झोपड़ी में रहने वाले परिवार की मासूम छह साल की बच्ची के साथ रेप करने वाला कोई साइको ही होगा। वहशी दरिंदे को मासूम पर जरा सी भी दया नहीं आई। वहशी दरिंदे को कानून का कोई डर नहीं था। डॉक्टरों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट की मानें तो उसके चेहरे, कंधों और पीठ पर खरोंच के निशान से साफ जाहिर है कि बच्ची ने खुद का छुड़वाने के लिए संघर्ष किया होगा। चीखने-चिल्लाने की कोशिश भी की होगी, लेकिन सुनसान जगह पर उसकी कोई पुकार नहीं सुन पाया।
आरोपी जगह और परिवार से वाकिफ
पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। पुलिस का भी मानना है कि वारदात करने वाला कोई सामान्य नहीं है। वह मानसिक विकृति का व्यक्ति ही होगा। उसने जरूर नशा कर ऐसी वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी जगह और परिवार से वाकिफ है। उसे पता था कि इस झोपड़ी में महिला और उसके बच्चे सो रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी आस-पड़ोस के एरिया का ही है।