अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
प्रदीप जमावड़ी की मां सावित्री ने निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। अर्बन एस्टेट में 29 जुलाई को घर के आगे फायरिंग कर प्रदीप जमावड़ी की हत्या कर दी गई थी। बीच-बचाव में उसकी मां सावित्री और दोस्त चंद्रजीत उर्फ चिंटू गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस कोई आरोपी गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
निजी अस्पताल में भर्ती सावित्री की हालत में सुधार नहीं हो रहा था। मंगलवार सुबह सावित्री ने आखिरी सांस ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार 29 जुलाई की रात प्रदीप जमावड़ी अपने घर पर मौजूद था। बड़ाला का प्रदीप उर्फ काला आया था। प्रदीप जमावड़ी बुलेट मोटरसाइकिल को स्टार्ट कर रहा था कि काला ने कुछ दूरी पर खड़े अपने दो साथियों को बुला लिया था। फिर काला और उसके दोस्तों ने फायरिंग कर दी थी। प्रदीप जमावड़ी की मौत हो गई थी। बीच-बचाव करने पर उसकी मां सावित्री और जमावड़ी निवासी दोस्त चंद्रजीत उर्फ चिंटू गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर
प्रदीप जमावड़ी की हत्या हुए 10 से ज्यादा दिन हो गए हैं, लेकिन आरोपी प्रदीप उर्फ काला और उसके साथी अभी तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं। पुलिस ने महम की अनाज मंडी से लावारिस हालत में कार बरामद की थी।
-अर्बन एस्टेट में बेटे को बचाने आई सावित्री को भी लगी थीं गोलियां
-- निजी अस्पताल में भर्ती थी महिला, 29 जुलाई को गोली मारकर कर दी थी बेटे की हत्या