अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
जिले के कैमरी गांव में सोमवार रात लुटेरों ने 72 वर्षीय तारामणी की सिर में लठ मारकर हत्या कर दी। उसके बाद लुटेरे उसके कानों से बालियां, अंगूठी और घर से टीवी, पानी की मोटर, कुछ अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। वारदात के समय वृद्धा के लकवाग्रस्त पति कृष्णचंद जिंदल बगल वाले कमरे में सोया हुआ था। ग्रामीणों को मंगलवार रात वारदात का पता चला। सदर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
दोनों बेटे रहते हैं बाहर
कैमरी के कृष्णचंद जिंदल पत्नी तारामणी संग गांव में रहते आए हैं। उनके बेटे अशोक और अनिल का परिवार दिल्ली और बेंगलूरू में रहता है। कृष्णचंद लकवाग्रस्त हैं। इससे वह चल फिर नहीं सकता। उनके बेटे अनिल ने बताया कि सोमवार रात लुटेरे घर के अंदर घुस गए। उन्होंने लूटपाट के इरादे से उनकी मां तारामणी के सिर में लठ से वार कर दिया। फर्श पर गिरने पर उन्हें कमरे के दूसरी तरफ ले गए। फिर उनके कानों से बालियां और सोने की अंगूठी निकाल ली। लुटेरे टेलीविजन, पानी की मोटर और अन्य सामान भी ले गए। अनिल ने बताया कि सिर में चोट लगने के कारण उनकी मां की मौत हो गई और पिता लकवाग्रस्त होने के कारण किसी को कुछ बता नहीं सके। मंगलवार सुबह दूधिये ने घर के बाहर रखे बर्तन में दूध डाल दिया। इसके बाद दूधिया चला गया। वह शाम को फिर दूध देने आया। तब पहलेे वाला बर्तन वहीं रखा मिला। ऐसे में दूधिये को शक हुआ और उसने पड़ोस के लोगों को बताया। फिर ग्रामीणों ने दरवाजा खोलकर देखा तो तारामणी लहूलुहान हालत में फर्श पर पड़ी थी। फिर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने बुधवार को महिला के शव का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल करवाया। सदर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
चार साल पहले भी हुई थी ऐसी वारदात
मिलगेट एरिया में करीब चार साल पहले ऐसी ही वारदात हुई थी। बुजुर्ग महिला अपने मकान में अकेली रहती थी। मकान में किरायेदार भी रहते थे। वहां देर शाम एक युवक पहुंचा था। वह किरायेदारों से यह बात कहकर ऊपर चढ़ गया था कि नानी से मिलना है। उसके बाद अगली सुबह बुजुर्ग महिला का शव चारपाई पर मिला था। महिला के पैर कटे हुए थे। लुटेरा तेज धारदार हथियार से महिला के पैर काटकर छलकड़े लूट ले गया था। पुलिस ने सूचना मिलने पर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया था। सिटी थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज किया था, लेकिन वारदात करने वाले का आज तक खुलासा नहीं हुआ है।
कैमरी की महिला तारामणी की हत्या लूट के इरादे से की गई है। परिजनों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ लूट और हत्या का केस दर्ज किया गया है।
-देवेंद्र नैन, एसएचओ, सदर थाना