अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सिविल लाइन पुलिस ने बैंक कॉलोनी के श्याम सुखीजा की हत्या के आरोपी मृतक की पत्नी के भाई छोटूराम कॉलोनी निवासी साहिल और महाबीर कॉलोनी निवासी मामा पवन उर्फ पौनी को वीरवार को कोर्ट में पेश किया। यहां से उनको एक दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया और चाकू और पिस्तौल की बरामदगी के लिए उनका रिमांड मांगा। पुलिस का कहना है कि उनसे महम से असलाह बरामद करना है और वारदात स्थल की निशानदेही करानी है। अदालत ने पुलिस की दलील सुनने के बाद दोनों का एक दिन का रिमांड मंजूर किया है। अर्बन एस्टेट चौकी प्रभारी पवन कुमार की टीम ने बाकी तीन आरोपियों की तलाश में वीरवार को भी छोटूराम कॉलोनी और महाबीर कॉलोनी में छापे मारे, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला।
शनिवार को किया था श्याम पर हमला
छोटूराम कॉलोनी की सपना और बैंक कॉलोनी के श्याम सुखीजा ने 31 जनवरी को अंतरजातीय विवाह किया था। शादी के बाद दोनों दिल्ली में रहने लगे थे। वे दोनों डेढ़ महीने पहले बैंक कॉलोनी में लौटे थे। सपना के परिजनों को उसके दूसरी जाति के युवक से शादी करने की बात हजम नहीं हो रही थी। पुलिस के अनुसार सपना और श्याम शनिवार को घर में थे। सपना के परिजनों ने चाकू से गोदकर श्याम को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। बीच-बचाव में सपना को चोट लगी थी। श्याम ने पांचवें दिन एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। सिविल लाइन पुलिस ने इस बारे में छोटूराम कॉलोनी निवासी सपना के भाई साहिल, विशाल, मां संतोष, महाबीर कॉलोनी निवासी मामा पवन उर्फ पौनी और एक अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
हत्या आरोपी सपना के भाई और मामा को वीरवार को कोर्ट में पेश किया था। असलाह की बरामदगी के लिए दोनों का एक दिन का रिमांड हासिल किया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
-मनदीप सांगवान, एसएचओ सिविल लाइन थाना