अजय कंवारी हत्याकांड में पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज व कॉल डिटेल
हिसार। एक नवंबर की रात को रेलवे स्टेशन पर हुए कंवारी गांव के अजय की हत्या के मामले में फिलहाल पुलिस के हाथ खाली हैं, लेकिन पुलिस जांच की सूई क्वांरी नजदीकियों के ईर्द-गिर्द घूम रही है। इस मामले में पुलिस सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल खंगाल रही है।
पुलिस ने इस मामले में अपनी जांच तेज की हुई है। रविवार को भी इस मामले में पुलिस ने घटनास्थल के दायरे में आने वाले सभी सीसीटीवी फुटेज की डिटेल खंगाली। पुलिस फुटेज का बारीकी से अध्ययन कर रही है। पुलिस ने आधार, सपरा और सिविल अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की है। घटना रात के समय हुई, लेकिन पुलिस सीसीटीवी की फुटेज सुबह के अलावा एक दिन पहले की भी खंगाल रही है। पुलिस मृतक की और उसके संपर्क में रहने वालों तथा संदिग्धों की कॉल डिटेल भी निकलवा रही है ताकि सुराग जुटाए जा सकें।
यह था मामला
एक नवंबर की रात क्वांरी निवासी अजय और उमरा निवासी दीपक व कई अन्य पंजाब में रेलवे भर्ती के लिए परीक्षा देकर करीब साढ़े 10 बजे ट्रेन से वापस लौटे थे। उन पर स्टेशन के बाहर हमला हो गया था, जिसमें दीपक और अजय घायल हो गए थे। अजय के पेट में और दीपक के कूल्हे में गोली लगी थी। इलाज के दौरान अजय ने दम तोड़ दिया था। पुलिस ने इस मामले में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत छह अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पता चला था कि आरोपी बोलेरो से आए थे, लेकिन उन्होंने नंबर प्लेट फर्जी लगाई हुई थी।
वर्जन
घटना से जुड़े तथ्यों को बारीकी से खंगाला जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल से भी तथ्य जुटाए गए हैं। आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही इस मामले का पटाक्षेप किया जाएगा और आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-नरेंद्र पाल, एसएचओ, सिविल लाइन थाना, हिसार।