अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने करीब दो महीने पहले टाउन पार्क से डॉ. राजेश का किडनैप कर कार लूटने के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से लूटी गई होंडा सिटी कार बरामद हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उनको जेल भेज दिया गया।
स्पेशल स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर जोगेंद्र सिंह की टीम ने छापा मारा। टीम में एसआई महेंद्र सिंह, एएसआई कृष्ण कुमार, ईएएसआई निजामुद्दीन, हेड कांस्टेबल संदीप कुमार, मक्खन लाल और चालक शमशेर सिंह शामिल थे। यह टीम शुक्रवार रात सरकारी गाड़ी में गश्त करती हुई कैमरी रोड के नाके पर पहुंची थी। टीम ने सूचना मिलने पर सेक्टर-16-17 के आखिरी टी प्वाइंट के पास सुनसान जगह पर छापा मारा। तभी तीन युवक कार से उतरकर हथियारों समेत पुलिस की गाड़ी के आगे आकर खड़े हो गए। फिर वे पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन उनको पकड़ लिया गया। पुलिस ने भिवानी के सचिन के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल, छह कारतूस और भिवानी के गांव दमकौर के विकास से एक पिस्तौल 315 बोर, एक कारतूस बरामद की। इसके अलावा सातरोड़ कलां के सुमित उर्फ मिनी से एक सरिया बरामद किया। सिविल लाइन पुलिस ने इस संबंध में उनके खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस ने उनको कोर्ट में पेश किया, जहां से उनको जेल भेज दिया गया।
कस्टडी से भागे अपराधी को देनी थी कार
पुलिस के अनुसार तीनों ने पूछताछ में बताया कि वे गाड़ी लूटने की नई वारदात अबोहर के लारेश कुमार बिश्नोई के कहने पर करने वाले थे। वह काफी मुकदमों में फरीदकोट की जेल में बंद है। बिश्नोई के कहने पर छीनी गई गाड़ी संपत नेहरा निवासी काहलोड़ी राजस्थान और दीपक उर्फ टीनू निवासी भिवानी को देनी थी। दीपक पिछले दिनों पंचकूला से पुलिस कस्टडी से फरार हो गया था।
ये वारदात स्वीकार की
1. टाउन पार्क के पास से 21 अगस्त को डॉ. राजेश गुप्ता का कार समेत अपहरण कर लिया था। वे फिर कार व मोबाइल छीनकर उनको सातरोड़ के पास फेंक जयपुर चले गए थे।
2. उन्होंने टाउन पार्क के आगे से 24 अगस्त को एक पल्सर बाइक चुराई थी।
3. आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 25 अगस्त को जयपुर में एक दुकान से पिस्टल प्वाइंट पर 11 मोबाइल छीने थे।
4. 28 अगस्त को राजगढ़ में एक ज्वेलर की दुकान पर डाका डालकर करीब 70 लाख की कीमत के गहने लूटे थे।