अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
तलवंडी राणा गांव के पास मित्तल फूड इंडस्ट्रीज में मंगलवार रात चोरी हो गई। चोर ताला तोड़कर गोदाम और ऑफिस के अंदर घुसे और एक कैंटर के अलावा ऑफिस की तिजोरी से चांदी की सवा किलो की ईंट, चांदी के 70 सिक्के और 1.80 लाख रुपये की नकदी चुराकर ले गए। सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर के सेक्टर-14 निवासी भरत लाल मित्तल ने बताया कि तलवंडी राणा गांव के पास उनका धर्म कांटा और मित्तल फूड इंडस्ट्रीज है। वे 18 सालों से फैक्टरी चला रहे हैं। वह रात को करीब 12 बजे फैक्टरी से घर आए थे। वे बुधवार को सुबह नौ बजे फैक्टरी में पहुंचे तो देखा कि गोदाम के अंदर खड़ी टाटा 407 गाड़ी गायब थी। चोर ऑफिस के अंदर रखी तिजोरी में से चांदी की सवा किलो की ईंट, चांदी के 70 सिक्के, 1.80 लाख रुपये की नकदी चुुरा ले गए। इसके अलावा कुछ दस्तावेज गायब हैं। फैक्ट्री स्वामी ने इसकी सूचना सदर थाना पुलिस को दी। पुलिस और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने वहां कारिंदों से भी पूछताछ की। सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
...................................
सीसीटीवी की दिशा बदली
फैक्टरी का सीसीटीवी चेक करने पर पुलिस को इतना पता चला कि रात 1.31 बजे 10-12 चोरी अंदर घुसे हैं। उनकी तस्वीर साफ नहीं है। चोरों ने फैक्टरी में घुसकर लाठी से सीसीटीवी का अगला भाग दूसरी दिशा में मोड़ दिया। फिर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।