दौलतपुर रोड पर खेत से दो भैंस व एक कटड़ी चुराने के लिए चोरों ने किसान की तेजधार हथियार से हत्या कर दी। वारदात को अल सुबह अंजाम दिया गया। हत्या करने के बाद चोर भैंस व कटड़ी को किसी वाहन में डालकर ले गए।
खेत मालिक के मुनीम ने किसान के शव को देखकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद डीएसपी संजय बिश्नोई, थाना प्रभारी संदीप कुमार, पुराना बस अड्डा चौकी इंचार्ज इंद्र बिश्नोई व सीन ऑफ क्राइम की टीम ने वारदात स्थल का दौरा कर जरूरी तथ्य जुटाए। फिलहाल पुलिस ने मृतक के बड़े भाई के बयान पर चोरी के दौरान हत्या करने का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
25 एकड़ जमीन की काश्त करता था मृतक का परिवार
जानकारी के अनुसार शहर के वार्ड पांच निवासी किसान नरेश सैनी का परिवार बरवाला निवासी अश्वनी जावा की 25 एकड़ जमीन पर काश्त करता है। किसान नरेश ने खेत में दो भैंसें भी रखी हुई थीं। दिन के समय पूरा परिवार खेत में काम करता है, जबकि रात को नरेश सैनी खेत में फसल की रखवाली के लिए रुक जाता था और वहीं सोता था। शनिवार रात को भी किसान नरेश खेत में बने कमरे के सामने चारपाई पर सोया हुआ था। उसकी भैंसें व एक कटड़ी पास में बने कमरे के साथ बंधी थी। बताया जा रहा है कि रात में भैंस और कटड़ी चोरी करने के लिए चोर खेत में पहुंचे। इसी दौरान वहीं सो रहे किसान नरेश की नींद खुल गई। जब उसने चोरों का विरोध किया तो उन्होंने तेजधार हथियार से वार कर उसकी हत्या कर दी।
सुबह खेत मालिक का मुनीम आया तो उसने शव पड़ा देखा
रविवार सुबह खेत मालिक का मुनीम खेत में आया तो उसने नरेश का शव चारपाई के पास पड़ा देखा। वह सहम गया और उसने तत्काल इसकी जानकारी खेत मालिक और नरेश के परिजनों को दी। बाद में सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। नरेश के सिर, गले व कंधों पर तेजधार हथियार से किए गए वार के निशान मिले हैं। बताया जा रहा है कि गंडासी से नरेश पर वार किए गए हैं।
पांच बेटियों व दो बेटों का पिता था नरेश
मृतक नरेश पर उसके परिवार के पालन पोषण की बड़ी जिम्मेदारी थी। पहले वह मजदूरी करता था। कुछ समय पहले ही उसने जमीन की काश्त शुरू की थी। उसके परिवार में पत्नी के अलावा पांच बेटियां और दो बेटे हैं। हालांकि नरेश और उसके भाई का परिवार साथ ही रहता है। मगर परिवार पर नरेश की हत्या के बाद पालन-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।
एक लाख रुपये से ज्यादा कीमत की थीं भैंस व कटड़ी
परिजनों के अनुसार दोनों भैंस व कटड़ी की कीमत एक से सवा लाख रुपये के आसपास है। एक भैंस की कीमत 50 से 60 हजार रुपये हैं, जबकि कटड़ी भी 15 से 20 हजार रुपये में आसानी से बिक जाती है। कयास लगाए जा रहे हैं कि वारदात के पीछे यूपी के भैंस चोर गिरोह का हाथ हो सकता है। पुलिस अलग-अलग एंगल से मामले की तफ्तीश में जुटी है।
दिसंबर 2017 : गांव साहू में भैंस चोरी का विरोध करने पर किसान की गोली मार की थी हत्या
इससे पहले दिसंबर 2017 में उकलाना क्षेत्र के गांव साहू में भैंस चोरी करने आए चोरों ने किसान की गोली मारकर हत्या कर दी थी। चोर भैंस और कटड़े को पिकअप गाड़ी में चढ़ा रहे थे। इस दौरान अचानक किसान जग गया और जब उसने चोरी का विरोध किया तो चोरों ने 32 वर्षीय किसान इंद्रपाल पर फायरिंग कर दी थी। गोली उसके पेट में लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने 11 दिन बाद उस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने किसान इंद्रपाल की हत्या करने के आरोप में उत्तरप्रदेश के सहारनपुर जिले के गांव नकुड़ के फैजान उर्फ इनाम और उसके भाई अफजल और अहसान को गिरफ्तार किया था। उस वारदात का मुख्य आरोपी फैजान था।
धारा 460 के तहत दर्ज हुआ है केस
पुलिस ने मृृतक नरेश के भाई जयभगवान के बयान पर धारा 460 आईपीसी के तहत चोरी के दौरान हत्या करने के आरोप में केस दर्ज किया है।
वर्जन
पुलिस ने मृतक नरेश के बड़े भाई जगदीश सैनी के बयान पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ धारा 460 के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही इस मामले को ट्रेस आउट किया जाएगा।
- संजय बिश्नोई, डीएसपी, बरवाला।