11 लाख की लूट व जिंदा जलाने की झूठी साजिश रचने वाले डाटा निवासी राममेहर को पनाह देने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपी ढाणी कुतुबपुर निवासी राधा व उसका पुत्र नवीन उर्फ बंटू है।
रमलू की हत्या कर उसका शव गाड़ी सहित जलाने के बाद आरोपी राममेहर दूसरी गाड़ी में सवार होकर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में चला गया था। उस समय महिला राधा व उसका पुत्र नवीन भी उसके साथ गए थे। पुलिस ने दोनों को वीरवार को अदालत में पेश किया, जहां से महिला राधा को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है, जबकि उसके पुत्र नवीन को एक दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंपा गया है।
छत्तीसगढ़ में जमीन खरीदने की बात कह कर अपने साथ ले गया था राममेहर
अभी तक की जांच में यह सामने आया है कि महिला राधा पहले राममेहर की फैक्टरी में ही काम करती थी। छत्तीसगढ़ में उसका मायका है। रमलू की हत्या कर उसका शव गाड़ी में जलाने के बाद राममेहर गांव ढाणी कुतुबपुर में राधा व उसके पुत्र के पास पहुंचा। वहां गाड़ी में सवार होकर वह उनके साथ बिलासपुर के लिए रवाना हो गया। बताया जाता है कि राममेहर उक्त दोनों को छत्तीसगढ़ में जमीन लेने की बात कहकर लेकर गया था। हालांकि बाद में राधा के पुत्र नवीन को फेसबुक के माध्यम से इस वारदात के बारे में पता चल गया। पुलिस रिमांड के दौरान नवीन से गहनता से पूछताछ करेगी।
यह था मामला
उल्लेखनीय है कि भाटला-महजत रोड पर 6 अक्तूबर को एक जली हुई गाड़ी मिली थी, जिसमें एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। पहले तो मामला यह दिखाया गया कि लुटेरों ने डाटा निवासी राममेहर से 11 लाख लूट कर उसे गाड़ी में जिंदा जला दिया। पुलिस ने मामले की जांच की तो पता चला कि राममेहर ने अपने ही गांव के व्यक्ति की रमलू की गला घोंटकर हत्या की व उसका शव अपनी गाड़ी में रख कर जला दिया। बाद में वह बिलासपुर के लिए रवाना हो गया। राममेहर की कॉल डिटेल के आधार व इस मामले में उसकी महिला मित्रों से पूछताछ में पुलिस को सुराग मिला, जिस पर पुलिस उसे बिलासपुर से गिरफ्तार कर हांसी ले आई। फिलहाल इस मामले में राममेहर पहले ही सात दिन के रिमांड पर चल रहा है। इसके अलावा उसकी एक महिला मित्र सुनीता पांच दिन के रिमांड पर है, जबकि रानी का 2 दिन का रिमांड पूरा होने पर उसे जेल भेजा गया है। वहीं अब पुलिस ने इस मामले में राममेहर के साथ बिलासपुर गई राधा व उसके पुत्र नवीन को भी गिरफ्तार कर लिया है।