शहर के एक गारमेंट्स शोरूम संचालक से दिनदहाड़े 50 लाख की रंगदारी मांगी गई है। बदमाशों ने शोरूम पर जाकर वहां खड़े युवक को चिट्ठी दी व बाहर आकर गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन गोली चली नहीं। इसके बाद बदमाश स्कूटी पर सवार होकर फरार हो गए। यह सारी वारदात सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है।
एसडी कॉलेज मार्ग पर स्थित ड्यूक शोरूम पर यह वारदात हुई है। शोरूम संचालक मयंक तनेजा ने बताया कि शाम करीब साढ़े पांच बजे तीन युवक एक स्कूटी पर सवार होकर आए। युवकों ने स्कूटी को पंजाब नेशनल बैंक के पास खड़ा किया। उनमें से दो युवक पैदल चलकर शोरूम की तरफ आए व आगे निकल गए। फिर वापस आए, उनमें से एक युवक शोरूम के अंदर आया और चिट्ठी काउंटर पर रखते हुए बोला कि यह चिट्ठी पढ़ लेना। यह कहते हुए युवक बाहर भाग गया, बाहर खड़े दूसरे युवक ने गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन गोली चली नहीं। तब दोनों युवक भागते हुए पंजाब नेशनल बैंक के पास खड़े युवक के पास गए और स्कूटी पर बैठ कर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई में जुटी पुलिस
मामले की सूचना मिलने पर हांसी व्यापार मंडल प्रधान प्रवीन तायल, सर्व व्यापार मंडल के प्रधान बजरंग बंसल, महासचिव राजीव शर्मा, रमेश महता, एसडी कॉलेज मार्केट प्रधान पार्षद अजय सैनी, पार्षद धर्मवीर रतेरिया, जजपा नेता राहुल मक्कड़, सतीश कालड़ा, अनाज मंडी एसोसिएशन प्रधान रामअवतार तायल सहित अनेक व्यापारी व दुकानदार मौके पर पहुंचे। उधर सिटी थाना प्रभारी सुनील कुमार ने मौके पर पहुंच कर वारदात के बारे में जानकारी ली व सीसीटीवी फुटेज और चिट्ठी कब्जे में लेकर बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है। सीसीटीवी फुटेज में कैद 10 मिनट के अंदर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया गया है। पांच बजकर 25 मिनट पर बदमाश युवक दुकान के आगे से निकलते हुए दिख रहे हैं और 5 बजकर 35 मिनट पर वह मौके से फरार हो जाते हैं। वारदात को लेकर एसडी कॉलेज मार्केट के दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।
यह लिखा है चिट्ठी में
रंगदारी वाली चिट्ठी में कुछ ही शब्द लिखे हुए है, चिट्ठी में बदमाशों का नाम लिखा गया है व अभद्र भी बोला गया है। चिट्ठी में लिखा है कि अनुज उर्फ हनी हिसार, जयमित मलिक उमरा, कीर्तिमान काजला टोकस, लोकेश पंडित हिसार को 50 लाख दे नहीं तो गोली मारेंगे।
मार्केट प्रधान बोले, 24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं हुई तो करेंगे प्रदर्शन
गौरतलब है कि हांसी क्षेत्र में क्राइम की काफी घटनाएं बढ़ गई है। पिछले दिनों सदर थाना क्षेत्र में भी गन-प्वाइंट पर महिलाओं से चेन स्नैचिंग की वारदात हुई थी। वहीं शहर में भी चोरियों सहित क्राइम की घटनाएं बढ़ी है। अब एक बार फिर शहर में शोरूम पर दिनदहाड़े रंगदारी मांगी गई है व गोली चलाने का प्रयास किया गया। इस वारदात को लेकर मार्केट के दुकानदारों में भय का माहौल है। वहीं व्यापार मंडल ने रोष प्रकट करते हुए पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द बदमाशों को पकड़ा जाए व उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उधर एसडी महिला कॉलेज मार्केट के प्रधान अजय सैनी ने पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर 24 घंटे के अंदर बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो मार्केट के सभी दुकानदार अपनी दुकानें बंद रख कर प्रदर्शन करेंगे।