हिसार। राजगढ़ रोड पर नहर पर लगे पुलिस नाके पर हांसी के एसडीएम की गाड़ी का चालान काटने की मांग को लेकर कुछ लोगों ने हंगामा कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि एसडीएम की गाड़ी ने गलत साइड से तेज गति से चौक क्रॉस करने का प्रयास किया। लोगों का आरोप है कि इस दौरान एक बाइक सवार बाल-बाल बच गया। इसके बाद वह बाइक सवार व्यक्ति व वकील एसडीएम की गाड़ी का चालान करवाने की मांग को लेकर करीब 10 मिनट अड़े रहे। इस दौरान कुछ लोगों ने अपने मोबाइल में वीडियो बना ली। इन वीडियो को सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
जसवीर सिंह ने बताया कि वह बुधवार को आजाद नगर से सेक्टर 16-17 जा रहा था। राजगढ़ रोड पुलिस नाका चौक पर ट्रैफिक सिग्नल से जा रहा था। तभी कैमरी रोड की तरफ से रांग साइड से एसडीएम लिखी हुई गाड़ी तेज गति से आई, जिस कारण बाइक से टकराव होता होता बच गया। जगबीर सिंह ने आरोप लगाया कि ड्राइवर व गनमैन ने सीट बेल्ट नहीं लगाई थी और गाड़ी के शीशे पर ब्लैक फिल्म भी थी। दूसरी ओर स्कूटी से आए वकील सुमित पानू ने आरोप लगाया कि एसडीएम की गाड़ी करीब 100 की स्पीड से आती है। लोगों के विरोध को देखते हुए
पास नाके पर काफी देर तक एसडीएम की गाड़ी को रोके रखा। इस दौरान मौके पर पुलिस को भी बुलाया गया। लोगों ने गाड़ी के चालान के लिए कहा, लेकिन पुलिस कर्मियों ने चालान नहीं किया। इस दौरान एसडीएम मोहित दूसरी गाड़ी में बैठकर चले गए। पुलिस प्रवक्ता विकास ने बताया कि इस बारे में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली। न ही किसी का चालान किया गया है।