सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता ने विकास कार्यों की समीक्षा के लिए बैठक में लेट लतीफ पहुंचने वाले अधिकारियों की खूब क्लास ली। मीटिंग में पहुंचे डीसी ने लेट आने पर एक अधिकारी को गेट से बाहर तक निकाल दिया। साथ ही अगली मीटिंग में देरी से आने वालों पर कार्यवाही करने का अल्टीमेटम दिया।
सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता ने वीरवार को समीक्षा के लिए मीटिंग बुलाई थी। ठीक दस बजे सीपीएस पहुंच गए। तय समय पर डीसी निखिल गजराज, एडीसी विजय कुमार भी पहुंच गए। पब्लिक हेल्थ के एक्सईन एसके सेठी देरी से पहुंचे तो डीसी ने उनकी क्लास लेते हुए उन्हें गेट से बाहर कर दिया। इसके बाद निगम के एक्सईन रामजीलाल की क्लास लगी। देरी से उनको काफी फटकार के बाद उनके काम करने के तरीके पर भी उन्हें लताड़ पड़ी।
शहर को ऐसे अधिकारियों की जरूरत नहीं
सीपीएस ने अधिकारियों से तीन प्रोजेक्ट के बारे में पूछा। सीपीएस ने एक साल पहले यह काम बताए थे, जिन पर एक्सईएन ने अब तक कोई काम नहीं किया। इस पर नाराज सीपीएस ने कहा कि दस दिन में होने वाले काम के लिए एक साल लगा दिया। शहर को ऐसे अधिकारियों की जरूरत नहीं। इसके बाद पीडब्ल्यूडी के एक्सईन वीजी माचरा की भी क्लास लगी। साउथ बाईपास में देरी के सवाल पर डीसी ने पूछा कि मिलिट्री से पहले अनुमति क्यों नहीं ली। अन्य प्रोजेक्ट में भी गति धीमी होने पर डीसी ने उन्हें काफी खरी खोटी सुनाई। सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि यह पहली बार की गलती माफ की जा रही है। अगली बैठक में जो अधिकारी देर से आएगा या फिर उसकी कार्यप्रणाली सही नहीं होगी उसे सजा जरूर मिलेेगी।
अलग-अलग फेज में बनेगा इंटरनेशनल एयरपोर्ट
सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि हिसार इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ मेंटेनेंस ओवरहालिंग एंड रिपेयरिंग यूनिट स्थापित की जाएगी। यह लंबा काम है, जिसमें 8 से 10 साल का समय लगेगा। यह काम अलग-अलग फेज में पूरा किया जाएगा। पहले फेज में रनवे को 4 से बढ़ाकर 7 हजार मीटर लंबा किया जाएगा। हिसार एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की सुविधा शुरू की जाएगी। यहां तीन नए हैंगर बनाए जाएंगे। यह सभी काम हरियाणा के स्वर्ण जयंती वर्ष में पूरे करने की योजना है।
जमीन पर अटके सभी बडे प्रोजेक्ट
सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि सीएम घोषणाओं को लेकर रिव्यू किया गया, जिसमें अधिकतर प्रोजेक्ट जमीन के कारण अटके हैं। सॉलिड वेस्ट प्लांट के लिए 32 एकड़ जमीन की जरूरत है। नगर निगम को यह जमीन ट्रांसफर करने की प्रक्रिया चल रही है। गौ अभयारण्य के लिए 50 एकड़ जमीन चाहिए। निगम को यह जमीन फ्री में दिलाने के लिए सहमति बनाई है। मल्टी लेवल पार्किंग के लिए जमीन ट्रांसफर करने की प्रक्रिया चल रही है। डेयरी शिफ्टिंग के लिए अभी दो जोन में जमीन नहीं मिल पाई है। दो जोन में एचएयू की जमीन लेकर उसे निगम को ट्रांसफर कराएंगे। साउथ बाईपास का प्रोजेक्ट लगभग पूरा हो चुका है। मिलिट्री की ओर से उनकी जमीन की एनओसी मिलते ही काम पूरा हो जाएगा। डाबड़ा आरओबी को फोरलेन करने के लिए विभागों की जमीन ट्रांसफर करने में देरी हो गई।
फोरलेन होंगे चार नए रोड
डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि शहर के सभी प्रमुुख रोड फोरलेन होंगे। साउथ बाईपास को लिंक होने वाले मुख्य मार्गों को भी फोरलेन करने का प्रस्ताव तैयार किया है। तोशाम रोड से डाबड़ा चौक को जाने वाले मार्ग को भी फोरलेन किया जाएगा। बाईपास से कैमरी की ओर मंगाली तक फोरलेन किया जाएगा। बालसमंद रोड से मलिक चौक तक के मार्ग को भी फोरलेन करने का प्रस्ताव बनाया है। ढाई किलोमीटर लंबे इस मार्ग को फोरलेन करने में 6 से 7 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है। जहाज पुल से पड़ाव चौक तक रोड को फोरलेन करने की मंजूरी हो चुकी है।