बरवाला के सतलोक आश्रम प्रकरण में देशद्रोह और हत्या के मामले में सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए रामपाल समेत अन्य आरोपियों की पेशी हुई। देशद्रोह के मामले में 930 आरोपियों की जेल से और हत्या के मामले में एडीजे एसके शर्मा की अदालत में आठ आरोपियों की पेशी हुई। दोनों मुकदमों में वीसी के जरिये पेशी हुई। देशद्रोह के मुकदमे में अब एक फरवरी और हत्या के मामले में 21 जनवरी को सुनवाई होगी।
बरवाला के सतलोक आश्रम में भगदड़ में मौत के संबंध में आश्रम प्रमुख रामपाल समेत आठ आरोपियों की पेेशी वीसी के जरिये एडीजे एसके शर्मा की अदालत में हुई। इस दौरान चार्ज पर बहस हुई। अदालत ने सुनवाई के बाद मुकदमे की अगली तिथि 21 जनवरी निर्धारित कर दी।
इसके बाद देशद्रोह के मुकदमे में टाउन पार्क के पास जेल में रामपाल समेत 930 आरोपियों की पेशी हुई। इस पर भी चार्ज पर बहस हुई। बाद में अगली तारीख एक फरवरी तय की गई। इस मुकदमे में दो आरोपियों की हाजिरी माफी रही, जबकि छह गैर हाजिर रहे। 150 आरोपी जेल में हैं, जबकि अन्य जमानत पर हैं।
जेल के आसपास समर्थकों का जमावड़ा
रामपाल और अन्य की पेशी के चलते टाउन पार्क के समीप जेल के आस पास आश्रम समर्थकों का जमावड़ा रहा। इसके अलावा जेल नंबर दो के पास नहर पर गंगवा पुल, कोर्ट परिसर के बाहर, साउथ बाईपास के आस पास भी समर्थक डटे रहे। पुलिस उन्हें वहां से खदेड़ती रही। आश्रम समर्थक काफी संख्या में टाउन पार्क के सामने जयदेव नगर की दिशा वाले हिस्से में एकत्र हुए। उन्होंने वहां पूरे प्रकरण की जांच सीबीआई से कराने की मांग उठाई। इस दौरान पुलिस मुस्तैद रही।