हिसार। गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) की ओर से स्नातक फाइनल ईयर के कई कोर्सों का परीक्षा परिणाम अभी तक जारी नहीं किया गया है। बीए फाइनल सेमेस्टर, बीएससी नॉन-मेडिकल और बीकॉम री-अपीयर सहित कई विषयों का परिणाम अब तक पेंडिंग है जिससे विद्यार्थियों को पोस्ट ग्रेजुएट कोर्सों में दाखिला लेने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जीजेयू में पीजी कोर्सों में दाखिला लेने के लिए विद्यार्थियों को 500 रुपये शुल्क देकर प्रोविजनल रिजल्ट लेकर अप्लाई कर रहे हैं। विवि में संचालित पीजी कोर्सों में अब फाइनल काउंसिलिंग 21 जुलाई को होगी। इसके अलावा कॉलेजों में भी पीजी कोर्सों में दाखिले के लिए आवेदन शुरू हो चुके हैं। गौरतलब है कि शहर के 6 में से पांच कॉलेज जीजेयू से संबद्ध है। ऐसे में हजारों विद्यार्थियों को परीक्षा परिणाम न आने से परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं विवि प्रशासन का कहना है कि लगातार परीक्षा परिणाम जारी किए जा रहे हैं जल्द ही सभी क्लासों के परिणाम जारी कर दिए जाएंगे।
जीजेयू में दाखिले के लिए अप्लाई करने वाली छात्रा वंशिका ने बताया कि उसे प्रोविजनल रिजल्ट के लिए 500 रुपये देने पड़े इसके बाद पीजी कोर्सों के लिए फार्म अप्लाई कर पाईं। इसके अलावा दीक्षा, मनीषा, राहुल, संदीप, नवीन, कुलदीप सहित अन्य विद्यार्थियों ने भी विवि की कार्यशैली पर रोष जताते हुए 500 रुपये लेने पर एतराज जताया। विद्यार्थियों व छात्र संगठनों ने कहा कि जब कॉलेज विवि से संबद्ध हैं तो विवि कैंपस में ही दाखिले के लिए प्रोविजनल परिणाम के लिए रुपये क्यों लिए जा रहे हैं। दूसरी ओर, कॉलेजों में भी एमए, एमएससी, एमकॉम सहित अन्य पीजी कोर्सों में दाखिले शुरू हो चुके हैं। छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सभी लंबित परीक्षा परिणाम घोषित किए जाएं ।
बीएससी नॉन मेडिकल का परीक्षा परिणाम शुक्रवार को जारी कर दिया जाएगा। इसके अलावा बीए का फाइनल सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम भी सोमवार को जारी कर दिया जाएगा। दाखिलों के लिए किसी विद्यार्थी को परेशानी नहीं होने दी जा रही उन्हें प्रोविजनल रिजल्ट दिए जा रहे है। -प्रो. यशपाल सिंगला, परीक्षा नियंत्रक, जीजेयू।
कॉलेजों में दाखिले के लिए आज से देने होंगे प्रतिदिन के 100 रुपये
कॉलेजों में चल रहे अंडर ग्रेजुएट के प्रथम वर्ष के कोर्सों में अब दाखिला लेने के लिए प्रतिदिन के हिसाब से 100 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क देना होगा। इससे पहले एक सप्ताह तक केवल 100 रुपये ही अतिरिक्त शुल्क देना था। गौरतलब है कि शहर के सभी कॉलेजों में सभी कोर्सों में अभी भी सीटें रिक्त रहती हैं।