हिसार। जिले में अप्रैल के मुकाबले मई के अकेले 10 दिनों में कोरोना आंकड़े की रफ्तार 3 गुना बढ़ी है। इन पिछले 10 दिनों में 11479 केस मिले हैं और 172 मरीजों की मौत हुई है। सोमवार को 1147 केस मिले और 17 मरीजों ने संक्रमण से दम तोड़ा है। पिछले माह की बात करें तो अप्रैल में 12108 केस मिले थे।
अप्रैल का हर रोज का औसतन केस मिलने का 430 और कोविड-19 मौत का तीन था। यही नहीं कोरोना आंकड़ों ने एक हजार का दायरा भी मई माह में 3 मई को पार किया था। बढ़ते आंकड़ों को देखकर साफ कहा जा सकता है कि संक्रमण केेेे फैलने की रफ्तार काफी तेज है। रिकवर होने वाले मरीज भी अचानक दम तोड़ रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि संक्रमण की चपेट में आनेेे के बाद अधिकतर मरीजों के फेफड़ेे सिकुड़ जाते हैं, जिससे काफी दिनों तक सांस लेने में तकलीफ रहती है। इस सोमवार को 1184 नए संक्रमित मरीज मिले हैं और 16 मरीज संक्रमण से अपनी जिंदगी की जंग हार गए। राहत की बात यह है कि 1131 मरीज कोरोना की जंग जीत कर घर लौटे हैं।
अब स्वास्थ्य विभाग संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों को एक ही दिन एक ही जगह पर बुलाकर सैंपल ले रहा है। जिले की जिन जगहों से केस अधिक मिल रहे हैं, उन्हीं जगहों पर ऐसा किया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इससे टीम को एक ही जगह पर बार-बार नहीं जाना पड़ता है, जिस कारण मरीजों की संपर्क हिस्ट्री जुटाकर सभी को 2 या 3 दिन के अंतराल में एक जगह पर बुला दिया जाता है। इसका परिणाम यह है कि ऐसे में अधिकतर मरीज सैंपल देने के लिए आते ही नहीं है और ना ही विभाग की टीम उनको दोबारा से फोन कर टेस्ट करवाने के बारे में पता करती है।
कोरोना अपडेट
माह कुल आंकड़ा केस ठीक हुए सक्रिय केस रिकवरी रेट मौत
1 अप्रैल तक 17467 30 16596 175 97.07 336
30 अप्रैल तक 29755 860 22510 6798 75.65 447
10 मई तक 41234 1184 31812 8803 75.16 619
अभी नहीं मिला है स्टाफ
आईडीएसपी विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि अभी सैंपलिंग बढ़ाई जाएगी। इसके लिए स्टाफ की मांग की हुई है, जो अभी तक नहीं मिला है। जल्दी मिलने के आसार हैं। उसके बाद संपर्क वाले लोगों के ज्यादा से ज्यादा सैंपल और रैंडम सैंपलिंग भी करवाई जाएगी। आमजन से भी अपील है कि सैंपल देते समय अपना सही पता और मोबाइल नंबर दर्ज करवाएं, ताकि पहचान करने में मुश्किल ना हो।
आईडीएसपी अधिकारी ने नहीं किया ज्वाइन
आईडीएसपी विभाग प्रभारी डिप्टी सीएमओ डॉ. जया गोयल पिछले कुछ दिनों से छुट्टी पर है, जिन्होंने सोमवार तक ज्वाइन नहीं किया। इससे पहले भी वह करीब 10 दिन तक छुट्टी पर आई थी। उन्होंने 2 दिन का अवकाश बताया था, लेकिन अभी तक किसी कारणवश ज्वाइन नहीं किया है।