साल 2020 के जाते-जाते जिले में कोरोना से राहत मिल रही है। दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में संक्रमितों के आंकड़ों में लगातार गिरावट आ रही है। इसके साथ ही ठीक होने वाले मरीजों की दर भी बढ़ गई है। यह गिरावट सुखद कही जा सकती है। दिसंबर की बात करें तो 28 दिसंबर तक 1216 कोरोना संक्रमित मिले और 77 मरीजों की मौत हुई। एक से 14 दिसंबर तक कुल मौतें 60 हुईं, जबकि 15 से 28 दिसंबर तक 17 लोगों की जान गई।
इसी प्रकार संक्रमितों का आंकड़ां देखें तो एक से 14 दिसंबर तक कुल 861 संक्रमित मिले, जबकि 15 से 28 दिसंबर तक इनकी संख्या केवल 355 रही, जो पहले पखवाड़े में मिले संक्रमितों का आधे से भी कम है। पिछले सात दिनों में तो कोविड-19 से जान गंवाने वालों का आंकड़ा केवल 2 ही रहा। ये आंकड़े स्वास्थ्य विभाग, प्रशासन और आमजन को भी राहत देने वाले हैं।
पिछले दो दिन से केसों की संख्या 10 पर आई
कोरोना का आंकड़ा जिले में लगातार घट रहा है। एक समय जिले में संक्रमित मरीज मिलने का आंकड़ा 300 से भी पार पहुंच गया था और औसतन 150 से 175 तक संक्रमित मरीज मिल रहे थे। दिसंबर माह में इससे काफी राहत मिली और पिछले पांच दिन में मात्र 89 संक्रमित मरीज ही मिले, जबकि दो दिन से 10-10 मरीज ही मिल रहे हैं। संक्रमित मिलने के मामले में दिसंबर माह में केवल एक दिसंबर को ही 100 से अधिक संक्रमित मिले, लेकिन उसके बाद इनकी संख्या में लगातार गिरावट आती गई। इस तरह मिले दिसंबर माह में कोरोना मौत और केस के आंकड़े
तारीख केस मौत
1 102 4
2 76 4
3 58 5
4 65 4
5 85 8
6 45 5
7 85 4
8 51 4
9 88 5
10 40 4
11 46 4
12 38 3
13 47 2
14 35 4
15 45 3
16 22 2
17 26 1
18 39 4
19 33 1
20 41 2
21 20 2
22 21 0
23 19 0
24 28 0
25 23 0
26 18 0
27 10 2
28 10 0
कुल 1216 77
एक्टिव केस 133, रिकवरी रेट 97.35 प्रतिशत
जिले में कोरोना संक्रमितों का रिकवरी रेट भी बढ़कर 97.35 प्रतिशत हो गया है। इसी प्रकार से कोरोना संक्रमण के एक्टिव केसों की संख्या भी घटकर 133 रह गई है। जिले में कोरोना संक्रमण के 16 हजार 909 केस आ चुके हैं, जिनमें से 16 हजार 461 संक्रमित ठीक होकर घर जा चुके हैं। जिले में अब तक कोविड-19 से 315 की जान गई है।
कोरोना नियमों का पालन जरूरी
हिसार उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि जिले में कोरोना स्थिति पर काफी हद तक नियंत्रण किया गया है, जिससे कोरोना संक्रमित मरीज और कोविड-19 मौत का ग्राफी काफी नीचे आया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के प्रयास और जिला वासियों का कोरोना नियमों का पालन करना तारीफ के काबिल है। फिर भी हमें अभी इस मामले में ढिलाई नहीं बरतनी चाहिए और वैक्सीन आने तक कोरोना नियमों का पालन जारी रखना चाहिए।
100 से 200 सैंपल की जांच पर मिल रहा एक संक्रमित
जिले में इन दिनों औसतन 100 से 200 सैंपल की जांच पर एक मरीज संक्रमित मिल रहा है। हालांकि विभाग द्वारा पहले की तरह हर रोज दो से तीन हजार सैंपल लिए जा रहे हैं। फिर भी इसके मुकाबले कोरोना आंकड़ों की संख्या काफी कम है। रविवार को करीब 2500 सैंपल की रिपोर्ट आई थी, जिनमें केवल 10 केस मिले थे। सोमवार को भी केवल 10 केस मिले हैं। इन दो दिनों में 250 सैंपल की जांच पर केवल एक केस सामने आया। विभाग को अब कोरोना वैक्सीन आने का इंतजार है। विभाग इसकी तैयारियों में भी जुटा और अधिकारियों को इसकी ट्रेनिंग भी दे दी गई। जिले में कोविड-19 के लिए 40 हजार सिरिंज भी पहुंच चुकी हैं। जैसे ही वैक्सीन आएगी, उसके प्रथम चरण का काम विभाग द्वारा शुरू कर दिया जाएगा।
सर्दी के चलते केस बढ़ने की थी आशंका
विशेषज्ञों का कहना है कि सर्दी के चलते कोरोना आंकड़े बढ़ने की आशंका थी, क्योंकि इस समय खांसी जुकाम, बुखार होता है और कोरोना के भी यही लक्षण हैं। कोविड-19 मौत पर भी काफी हद तक अंकुश लगा है।
हिसार के नागरिक अस्पताल के डिप्टी सीएमओ डॉ. जया गोयल ने कहा कि कोरोना संक्रमित भी कम मिल रहे हैं और कोविड-19 मौत भी न के बराबर हैं, जो राहत की बात है। विदेश से आए 44 लोगों पर विभाग को वायरस के स्ट्रेन का खतरा था, मगर जब इनमें से 41 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई तो विभाग ने राहत की सांस ली। इन लोगों के आरटीपीसीआर सैंपल और रैपिड किट से जांच की गई थी।