बास। गांव कापडो के पास कौथ कलां रोड स्थित खेतों से चोरों ने तांबे की बिजली की तार चोरी कर ली। चोरी की यह वारदात 13 मई की रात को हुई। इसमें तीन किसानों के खेतों से 420 फीट तार चुरा ली गई।
पीड़ित किसान विकास ने बताया कि उसके खेत से 200 फीट, वहीं पास में ही रामेहर के खेत से 150 फीट और कर्मबीर के खेत से 70 फीट तार चोरी हुई है। तीनों किसानों को इस वारदात में लगभग 20 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। किसानों ने पहले अपने स्तर पर चोरी गई तार की तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
शिकायत पर खेडी चौपटा पुलिस चौकी के हेड कांस्टेबल संदीप ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश जारी है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।