हांसी। गांव मुजादपुर में खेत में पानी लगाने के लिए रविवार रात दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि एक युवक ने दूसरे युवक की बाजू पर दांतों से हमला किया और मांस का टुकड़ा निकाल लाया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी विकास के खिलाफ झगड़े, एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव निवासी संदीप कुमार ने बताया कि रविवार रात उनकी खेत में पानी की बारी थी। वह अपने साथी राजा, रोहित और कर्मजीत के साथ नहर पर पंखा चलाने गया। इसी दौरान गांव का विकास वहां आया और पंखा हटाने के लिए कहा। संदीप का कहना है कि विकास नशे में था और उसने उनके साथ मारपीट की व जातिसूचक गालियां भी दीं। आरोप है कि विकास ने राजा की आंख पर उंगली मारकर नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। जब संदीप और अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया तो विकास ने राजा की बाजू को दांतों से काट लिया और मांस का टुकड़ा निकाल लिया। विवाद बढ़ने पर संदीप के पिता महिपाल वहां से जाने लगे तो उन पर भी हमला किया गया। पुलिस ने विकास के खिलाफ धारा 115, 118(1), 351(2), एससी एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।