एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की समीक्षा बैठक करते डीसी राहुल नरवाल।
नारनौंद। जिला प्रशासन ह्यूमन पेपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान को तेजी से चलाने के लिए एक्शन मोड में आ गया है। उपायुक्त राहुल नरवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जल्द ही जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर अभियान की निगरानी को मजबूत किया जाएगा। नारनौंद उपमंडल में एसडीएम विकास यादव और हांसी उपमंडल में एसडीएम राजेश खोथ को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह में वीरवार को आयोजित समीक्षा बैठक में डीसी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, शहरी निकाय और पंचायत विभाग के अधिकारियों को मिशन मोड में काम करने के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि एचपीवी वैक्सीनेशन केवल स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ी को गंभीर बीमारी से बचाने का सशक्त माध्यम है। यह टीकाकरण लड़कियों को गर्भाशय कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाता है। बैठक में नारनौंद एसएमओ डॉ. यशपाल सिंह, डॉ. भवनेश, डॉ. नरेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।
गांव-गांव और घर-घर पहुंचें टीमें :
डीसी ने बताया कि प्रस्तावित कंट्रोल रूम में विशेष टीम तैनात की जाएगी जो फील्ड में चल रही गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग करेगी और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेगी। डीसी ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि अभियान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। टीमें गांव-गांव और घर-घर जाकर नागरिकों को जागरूक करें और अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक वैक्सीनेशन सुनिश्चित करें।