हिसार। यदि आप औद्योगिक कनेक्शन एलटी (लो टेंशन) से जुड़े उपभोक्ता है और आपके फैक्टरी व लघु उद्योग की बिजली का लोड 20 से 50 किलोवाट है तो आपके लिए खुशखबरी है। अब ऐसे उपभोक्ताओं को बिजली लोड के लिए विशेष ट्रांसफार्मर लगवाने का न तो इंतजार करना होगा और न ही इसके लिए दफ्तरों के चक्कर काटने होंगे। साथ ही न ही उपरोक्त श्रेणी के नए कनेक्शन लेने में देरी होगी। क्योंकि बिजली निगम ने 16 साल बाद अपने सर्कुलर में संशोधन किया है, जिससे उपरोक्त उपभोक्ताओं को फायदा पहुंचेगा। बता दें कि हिसार सर्कल में औद्योगिक बिजली कनेक्शन एलटी से संबंधित 3293 उपभोक्ता है।
पहले ये थे आदेश
बिजली निगम की ओर से 2008 में एक सर्कुलर जारी किया गया था, जिसमें औद्योगिक कनेक्शन एलटी से जुड़े उपभोक्ताओं जिनका बिजली का लोड 20 से 50 किलोवाट के बीच है तो उनको एक विशेष ट्रांसफार्मर लगवाना पड़ रहा था। ताकि उद्योग का बिजली लोड विशेष ट्रांसफार्मर पर रहे।
- इसलिए करना पड़ा संशोधन
औद्योगिक एलटी कनेक्शन से संबंधित उपभोक्ता को विशेष ट्रांसफार्मर की सुविधा के लिए आवेदन करना पड़ता था, लेकिन निगम की ओर से देरी की जा रही थी। कारण यह था कि मानक के हिसाब से उद्योगों के आसपास जगह नहीं उपलब्ध हो पाती थी, जिस कारण निगम की ओर से विशेष ट्रांसफार्मर की सुविधा उपभोक्ताओं को नहीं मिल पाती थी।
20 से 50 किलोवाट बिजली का लोड है और आप औद्योगिक एलटी कनेक्शन से संबंधित उपभोक्ता हैं। मगर जगह के अभाव में विशेष ट्रांसफार्मर नहीं लगवा पा रहे हैं। तो संबंधित उपभोक्ता को सुविधा के रूप में सामान्य बिजली सप्लाई की क्षमता बढ़ाई जाएगी। - ओमबीर, एसई, हिसार सर्कल, बिजली निगम।