सील की गई बिल्डिंग में फिर से शुरू किया गया निर्माण।
हिसार। तायल गार्डन क्षेत्र में करीब तीन महीने पहले सील की गई बिल्डिंग में भवन मालिक ने सील खोलकर दोबारा निर्माण शुरू कर दिया। नगर निगम अधिकारियों को इसकी जानकारी मिलने के बाद बिल्डिंग ब्रांच के जेई ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया। हालांकि, भवन मालिक के खिलाफ अभी कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, तायल गार्डन निवासी संतोष सरदाना ने नगर निगम से बिना नक्शा स्वीकृति के भूतल पर निर्माण कराया था। इस पर निगम की ओर से हरियाणा नगर निगम अधिनियम, 1994 की धाराओं 235, 250, 261, 262 और 263ए के तहत चार जून को नोटिस जारी किया गया था। निर्धारित समय में भवन मालिक की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद निगम टीम ने बिल्डिंग को सील कर दिया था।
अब भवन मालिक ने सील खोलकर दोबारा निर्माण शुरू करा दिया। कचरा उठान कार्य में जुटे निगम अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं थी। बाद में मामला सामने आने पर बिल्डिंग ब्रांच के जेई विकास पूनिया ने मौके का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य रुकवा दिया। उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही निर्माण बंद करा दिया गया है।