हिसार। तलवंडी राणा तक जाने वाली सड़क के बचे हुए 50 फीट के टुकड़े का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। शुक्रवार को बीएंडआर के अधिकारी मौके पर जेसीबी के साथ पहुंचे। यह टुकड़ा एयरपोर्ट की दीवार के साथ-साथ बनाया जाएगा। अधिकारियों की मानें तो जल्द ही यह काम पूरा कर दिया जाएगा।
बता दें कि बीएंडआर की तरफ से तलवंडी राणा के ग्रामीणों के लिए 2.3 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई गई थी। सड़क की जमीन में करीब 16 मरले जमीन डीसीएम मिल की आ रही है। मगर मिल प्रबंधन इस जमीन को कलेक्टर रेट के बजाय मार्केट रेट पर बेचना चाहता है।
इस कारण से सड़क का करीब 50 फीट का टुकड़ा अभी तक अधर में लटका हुआ था, जो पूरी सड़क को नेशनल हाईवे से जोड़ता है। आखिर में बीएंडआर ने इस टुकड़े को मिल की जमीन पर बनाने के बजाय एयरपोर्ट की दीवार के साथ लगती जमीन पर बनाने का फैसला किया।