आजाद नगर जलघर में बनाया जा रहा वाटर टैंक।
- फोटो : Hisar
हिसार। आजाद नगर जलघर में एक और वाटर टैंक का निर्माण शुरू हो चुका है। यह टैंक एक माह में बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बाद आजाद नगर एरिया की 50 हजार से ज्यादा की आबादी को पेयजल किल्लत नहीं झेलनी पड़ेगी। इस टैंक के निर्माण पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे टैंक का निर्माण, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण और पाइप लाइन बिछानी जाएगी।
बता दें कि आजाद नगर जलघर में फिलहाल एक ही वाटर टैंक है। मगर आबादी के लिहाज से यह वाटर टैंक छोटा पड़ने लग गया है। इसी को लेकर काफी समय से एक और वाटर टैंक बनाने की मांग की जा रही थी।
वाटर टैंक के साथ लगाई जाएगी फिल्टर यूनिट
प्रोजेक्ट के तहत 1.73 करोड़ गैलन की क्षमता वाला एक वाटर टैंक बनाया जाएगा। साथ में 2.6 एमएलडी क्षमता की फिल्टर यूनिट और एक लाख 45 हजार 200 गैलन की क्षमता का क्लीयर वाटर टैंक का निर्माण भी किया जाएगा। इसके अलावा करीब साढ़े छह किलोमीटर में नई पाइप लाइन भी बिछाई जाएगी। फिलहाल जलघर में एक वाटर टैंक है। जिसकी क्षमता 12.45 करोड़ लीटर की है। इस टैंक में करीब 10 दिन का पानी स्टोर किया जा सकता है। चूंकि नहरबंदी 15 दिन की रहती है तो पांच दिन और पेयजल सप्लाई करने के लिए विभाग को ट्यूबवेल चलाना पड़ता है।
150-150 हॉर्स पावर की लगाई जा चुकी दो मोटर
हाल ही में आजाद नगर के जलघर में दो मोटरों को बदला गया है। अब यहां 150-150 हॉर्स पावर की दो मोटर लगाई गई हैं। अब एरिया में पानी की सप्लाई पूरे प्रेशर के साथ आ रही है। मगर अब एक और नया वाटर टैंक बनने के बाद लोगों को काफी राहत मिलेगी।
आजाद नगर जलघर में एक वाटर टैंक बना हुआ है। दूसरे वाटर टैंक का काम शुरू हो चुका है। एक माह में टैंक बनकर तैयार हो जाएगा। दो वाटर टैंक होने के बाद आजाद नगर एरिया में पानी की कोई कमी नहीं रहेगी।
- कंवरपाल, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग