उकलाना में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में सांसद जयप्रकाश, विधायक नरेश सेलवाल, विधायक जस्सी पेट
हिसार। उकलाना में रविवार को आयोजित ब्लॉक स्तरीय कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में सांसद जयप्रकाश ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। विधायक नरेश सेलवाल की अध्यक्षता में हुए सम्मेलन में आदमपुर विधायक चंद्रप्रकाश, नारनौंद विधायक जस्सी पेटवाड़ सहित अन्य नेताओं ने वोट चोरी, किसानों की फसलों की खरीद और युवाओं को रोजगार देने के मुद्दों पर भाजपा को घेरा।
सांसद जयप्रकाश ने आरोप लगाया कि भाजपा दीपेंद्र हुड्डा की लोकप्रियता से घबराकर उनके खिलाफ दुष्प्रचार कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस हर वर्ग के हितों की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार के पैर लड़खड़ा रहे हैं और 2029 से पहले भी लोकसभा व विधानसभा चुनाव हो सकते हैं।
आदमपुर विधायक चंद्रप्रकाश ने भाजपा सरकार पर विकास के मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाते हुए एमएसपी पर फसलों की समय पर खरीद और हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से रोजगार देने की व्यवस्था पर सवाल उठाए। नारनौंद विधायक जस्सी पेटवाड़ ने कार्यकर्ताओं से आपसी मनमुटाव भुलाकर पार्टी को मजबूत करने और किसानों व युवाओं के हितों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।
विधायक नरेश सेलवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में किसान, युवा और गरीब परेशान हैं। उन्होंने धान खरीद में अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि धान का एमएसपी 2,461 रुपये प्रति क्विंटल होने के बावजूद किसानों को 2,000 से 2,100 रुपये प्रति क्विंटल तक भाव मिलने की शिकायतें हैं।
ब्लॉक अध्यक्ष नफे सिंह पूनिया ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। मंच संचालन युवा हलकाध्यक्ष विक्की पूनिया ने किया। सम्मेलन में पूर्व चेयरमैन राजेंद्र सूरा, अनिल मान नलवा, सतेंद्र सहारण, तेजवीर पूनिया, रतन बड़गुर्जर और संतोष जून मौजूद रहे।