तबीयत बिगड़ने के बाद सिवानी के नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन अजय
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के हिसार के सिवानी में अवैध पटाखा फैक्टरी से बरामद पटाखों को नष्ट करते समय घायल हुई सफाई कर्मचारी अजय की शुक्रवार सुबह हालत बिगड़ गई। अजय को सुबह सीने व पेट में दर्द की शिकायत हुई। इसके बाद परिवार वालों ने उसे नागरिक अस्पताल सिवानी में भर्ती करवाया, जहां से उसे हिसार रेफर कर दिया गया।
इस मामले में अजय के अलावा सफाई कर्मचारी रोहित व जय सिंह, फोटोग्राफर प्रदीप जांगड़ा, तहसीलदार रमेश चंद्र, एएसआई रणवीर भी घायल हुआ था, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया था। प्रदीप व तहसीलदार को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है, बाकी अन्य अभी अस्पताल में ही उपचाराधीन हैं।
बता दें कि 23 नवंबर को अवैध पटाखा फैक्टरी के जब्त पटाखों को नष्ट करते समय ब्लास्ट होने से नगर पालिका के एक कर्मचारी की मौत हो गई थी, जबकि तहसीलदार सहित 8 लोग घायल हुए थे। सिंतबर माह में सिवानी में अवैध रूप से चल रही पटाखा फैक्टरी में धमाका होने से एक महिला व उसकी बच्ची की मौत हो गई थी। इसके बाद पटाखा फैक्ट्ररी संचालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।
प्रशासन के आदेश पर फैक्टरी को सील कर दिया गया था। अब प्रशासन ने इस अवैध से जब्त पटाखों को नष्ट करने के आदेश जारी किए थे। तहसीलदार रमेशचंद्र को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर टीम को मौके पर भेजा गया था। उनके साथ थाना प्रभारी कुलदीप कुमार,पुलिस बल, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, नगर पालिका के कर्मी थे।