हिसार। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को ई-दिशा केंद्र के कंप्यूटर ऑपरेटर विजेंद्र को 2500 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने न्यू ऋषि नगर निवासी विनोद से उसकी विधुर पेंशन शुरू करवाने के लिए जरूरी दस्तावेज ऑनलाइन अपडेट करने की एवज में रिश्वत मांगी थी। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
एसीबी के जांच अधिकारी मुकेश ने बताया कि विनोद की पत्नी कविता की मृत्यु हो चुकी है। उसने विधुर पेंशन के लिए करीब चार-पांच माह पहले ऑनलाइन आवेदन किया था, लेकिन अब तक पेंशन शुरू नहीं हुई थी। इस संबंध में वह कई बार ई-दिशा केंद्र के कंप्यूटर ऑपरेटर विजेंद्र से मिला। मंगलवार को भी मिलने पर विजेंद्र ने पेंशन बनवाने के बदले 2500 रुपये मांगे।
विनोद ने दीनदयाल योजना के तहत पांच लाख रुपये लेने के लिए भी आवेदन किया था। आरोप है कि विजेंद्र ने यह राशि दिलाने के बदले 40 हजार रुपये मांगे थे। विनोद के खाते में पांच लाख रुपये आने के बाद विजेंद्र ने उस पर दबाव बनाकर 40 हजार रुपये भी ले लिए। 2500 रुपये की रिश्वत की शिकायत पर एसीबी ने जाल बिछाया। शिकायतकर्ता को पाउडर लगे नोट देकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही विजेंद्र ने रुपये लिए, टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।