फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: कॉमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति ठप, बुकिंग बंद

विज्ञापन
हिसार- अर्बन एस्टेट में एलपीजी सिंलिडर से भरा  ट्रैक्टर ट्राली ।
विज्ञापन
हिसार। जिले में गैस सिलिंडर की संभावित कालाबाजारी को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक ने छह टीमों का गठन किया है जो वीरवार से जिले की सभी गैस एजेंसियों और गोदामों की जांच करेंगी। जिले में 34 गैस एजेंसियों पर कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की बुकिंग पूरी तरह बंद है जबकि 8 मार्च से कॉमर्शियल सिलिंडर की गाड़ियां भी नहीं आ रही हैं।
विज्ञापन


जिले में हिसार के लिए दो तथा हांसी, बरवाला, उकलाना और नारनौंद के लिए एक-एक टीम बनाई गई है। इन टीमों में खाद्य आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर, सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी और गैस कंपनियों के नोडल अधिकारी शामिल रहेंगे। जिले में घरेलू गैस के 5,26,857 उपभोक्ता हैं जबकि करीब 3400 कॉमर्शियल उपभोक्ता हैं।

कॉमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति बंद होने से होटल, ढाबा, चाय और खाने-पीने की दुकानों के संचालकों ने घरेलू गैस सिलिंडर का उपयोग शुरू कर दिया है। पीएलए, ओल्ड कोर्ट कॉम्प्लेक्स, अर्बन एस्टेट, सेक्टर-15, सेक्टर-13, डाबड़ा चौक और मॉडल टाउन सहित कई क्षेत्रों में दुकानों व ढाबों पर घरेलू सिलिंडर का खुलेआम इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे घरेलू गैस की मांग भी तेजी से बढ़ गई है।
विज्ञापन


गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार सामान्य दिनों की तुलना में पांच गुना अधिक बुकिंग हो रही है और लोग एडवांस में दो-तीन सिलिंडर भरवा कर स्टॉक कर रहे हैं। कॉमर्शियल सिलिंडर की कमी के कारण सरकारी होटलों और संस्थानों की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।



एजेंसियों पर भी नहीं हो रही बुकिंग

गैस एजेंसियों की साइट ओवरक्राउड होने के कारण ठप हो गई है। पिछले दो दिन से ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही है। ऐसे में उपभोक्ता एजेंसियों के दफ्तर पहुंच रहे हैं, लेकिन वहां भी ऑफलाइन बुकिंग नहीं ली जा रही। एलपीजी कंपनियों ने संभावित गड़बड़ी की आशंका के चलते ऑफलाइन बुकिंग फिलहाल बंद कर रखी है।



कॉमर्शियल सिलिंडर को लेकर अस्पताल, मंदिर और स्कूलों को प्राथमिकता के आधार पर आपूर्ति दी जा रही है। घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य है। 25 दिन बाद बुकिंग कर सकते हैं। मिस्ड कॉल या मोबाइल एप से भी बुकिंग की जा सकती है। किसी को दिक्कत हो तो मेरे मोबाइल नंबर 9812365010 पर संपर्क कर सकता है।

- सतेंद्र सिंह, प्रदेशाध्यक्ष, ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर फेडरेशन।



गैस को लेकर परेशानी आ रही है। तीन दिन से बुकिंग का प्रयास कर रहा हूं, लेकिन बुकिंग नहीं हो रही। एजेंसी का फोन भी लगातार व्यस्त रहता है। एजेंसी पर जाकर भी बुकिंग नहीं हुई। कालाबाजारी करने वाले 1300 से 1400 रुपये में सिलिंडर दे रहे हैं।

- बंसीलाल, उपभोक्ता।



घरेलू गैस सिलिंडर की आपूर्ति को लेकर किसी तरह की समस्या नहीं है। हमारे पास पर्याप्त मात्रा में एलपीजी उपलब्ध है और लगातार सप्लाई भी आ रही है। लोग अफवाहों में न आएं और घबराहट में बुकिंग न करें। हमारी टीमें लगातार छापेमारी करेंगी। जिले में बीपीसीएल की 12, एचपीसीएल की 8 और ओआईसी की 14 गैस एजेंसियां हैं।

- अमित शेखावत, जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक, हिसार।



जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। घरेलू गैस की आपूर्ति लगातार जारी है। कॉमर्शियल गैस की बुकिंग फिलहाल बंद है, लेकिन अस्पताल, स्कूल और सेना जैसी आपात श्रेणियों को उनकी मांग के अनुसार सिलिंडर दिए जाएंगे। रोजाना स्टॉक और आपूर्ति की रिपोर्ट ली जा रही है और कहीं भी कालाबाजारी नहीं होने दी जाएगी।
विज्ञापन


- महेंद्र पाल, डीसी, हिसार।



घरेलू गैस सिलिंडर रेट : 932 रुपये

कॉमर्शियल गैस सिलिंडर रेट : 1968 रुपये

बुकिंग समय : 25 दिन

जिले में बीपीसीएल की एजेंसी : 12

जिले में एचपीसीएल की एजेंसी : 8

जिले में ओआईसी की एजेंसी : 14

जिले में कुल गैस एजेंसी : 34

जिले में घरेलू गैस उपभोक्ता : 5,26,857

उज्ज्वला योजना के कनेक्शन : 94,441
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें