हिसार। प्रदेश में रात के समय ठंड का प्रचंड रूप देखने को मिल रहा है। सोमवार रात को हिसार व महेंद्रगढ़ में गंभीर शीत लहर और करनाल में शीत लहर की स्थिति रही। साथ ही कहीं-कहीं पाला भी जमा। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार 29 जनवरी को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव आएगा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में दिन और रात के तापमान में उछाल से हाड़ कंपा देने वाली ठंड के तेवर ढीले पड़ गए थे। मगर पिछले चार-पांच दिनों से लगातार उत्तरी बर्फीली हवाओं के चलने से ठंड के तेवर एक बार फिर तीखे होने लगे हैं। प्रदेश में रात का तापमान इकाई अंक में पहुंच गया है, जिससे आमजन को हाड़ कंपा देने वाली सूखी ठंड से रूबरू होना पड़ रहा है। वहीं सुबह से शाम मौसम शुष्क व साफ बना हुआ है। सूर्य की चटक व चमकदार धूप खिली रहने से दिन में हाड़ कंपा देने वाली ठंड से राहत भी मिल रही है।
आगे ऐसा रहेगा मौसम
29 जनवरी को एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में केवल हल्का बदलाव और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। इस दौरान तेज गति से दक्षिणी पूर्वी हवाएं चलने की संभावना है। हवाओं की दिशा में बदलाव से एक बार फिर आंशिक बादलवाही और कोहरे की भी संभावना बन रही है। इसके अलावा 3 फरवरी को एक नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 3 से 5 फरवरी के दौरान मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
ये रहा न्यूनतम तापमान
जिला-न्यूनतम
हिसार-2.3
अंबाला-7.7
करनाल-4.0
नारनौल-2.4
रोहतक-5.6
सिरसा-6.0
यमुनानगर-7.9
सोनीपत-4.4
पानीपत-5.9
पलवल-6.4
कुरुक्षेत्र-7.1