एचएसवीपी कार्यालय के बाहर पैमाइश करते संजीव भोजराज व अन्य।
हिसार। सेक्टरों में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के बीच शनिवार को सामाजिक कार्यकर्ता संजीव भोजराज जेसीबी लेकर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने कहा कि हम न्याय की मांग करने वाली काकरोच जनता पार्टी के समर्थक हैं। जहां विभाग लोगों के मकानों के बाहर मामूली हरियाली तक हटवा रहा है वहीं उसके अपने कार्यालय के बाहर सरकारी जमीन पर कब्जा किया गया है।
मदद संस्था के अध्यक्ष संजीव भोजराज ने बताया कि उन्होंने इसी सप्ताह समाधान शिविर में डीसी महेंद्रपाल को शिकायत देकर अधिकारियों के आवासों और कार्यालयों के बाहर अतिक्रमण के फोटो सौंपे थे। शनिवार शाम करीब 6:30 बजे वह अपने साथियों जसवंत धीमान, सतबीर खान, संदीप और जगदीश मलिक के साथ एचएसवीपी कार्यालय पहुंचे और वहां लगाए गए लोहे के पाइप वाले क्षेत्र की पैमाइश करवाई। उनका दावा है कि कार्यालय के बाहर करीब 200 फीट से अधिक क्षेत्र पर कब्जा किया गया है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय के बाहर भी पैमाइश कराई गई थी, जहां करीब 150 गज क्षेत्र में कब्जा मिला। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में याचिका दायर की जाएगी ताकि सभी पर समान रूप से कार्रवाई हो सके।
कई सेक्टरों में चल चुका है अभियान
एचएसवीपी की ओर से सेक्टर 16-17, सेक्टर 13, सेक्टर 9-11, अर्बन एस्टेट-दो और सेक्टर 14 में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा चुका है। इस दौरान कुछ स्थानों पर टीम को विरोध का सामना भी करना पड़ा। यह कार्रवाई पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेशों के तहत की जा रही है।