प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर हिसार मैराथन में शनिवार सुबह छह बजे हरी झंडी दिखाने के साथ दौड़ भी लगाएंगे। हांसी में शनिवार को होने वाली विकास रैली के लिए सीएम खट्टर शुक्रवार रात को रात्रि विश्राम के लिए हिसार पहुंचे।
इस उपलक्ष्य में जीजेयू में जीजेयू प्रशासन और पुलिस द्वारा आयोजित सांस्कृतिक संध्या व प्रीतिभोज रखा गया था। इस दौरान आईजी ओपी सिंह ने सीएम खट्टर को हिसार मैराथन के पूरे कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी।
सीएम कार्यक्रम से काफी खुश नजर आए और कहा कि वे भी मैराथन में दौड़ लगाएंगे। इस पर आईजी ने उनके लिए ड्रेस उपलब्ध कराने की बात कही। इस पर सीएम ने कहा कि वे अपने साथ ट्रैक सूट साथ लेकर चलते हैं। सुबह छह बजे तैयार होकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंच जाऊंगा।
जनता - पुलिस की दूरियां हुईं कम
हिसार मैराथन की तारीफ करते हुए सीएम खट्टर ने कहा कि इस तरह के आयोजन से जनता और पुलिस के बीच की दूरियां कम होती हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन हर जिले में होने चाहिए, ताकि जनता के बीच पुलिस का अच्छा संदेश पहुंचे। आईजी ने मैराथन के ब्रांड एंबेसडर ओम पहलवान को भी सीएम से मिलवाया।
प्रस्तुतियों पर सीएम हुए आनंदविभोर
सांस्कृतिक संध्या में हरियाणवी गीतों और सितार वादन पर सीएम आनंद विभोर हो उठे। उन्हें कार्यक्रम का जमकर लुत्फ उठाया। इस दौरान हरियाणवी कलाकार एमडी, केडी, राजू पंजाबी, राम मेहर महला ने हरियाणवीं फिल्मों की सहायता करने की मांग रखी।
उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों में स्थानीय भाषा की फिल्में बन रहीं हैं, लेकिन हरियाणा फिल्म उद्योग नहीं पनप पा रहा है। इस पर सीएम ने मदद का आश्वासन दिया। हरियाणवी कलाकार इस बात से काफी खुश नजर आए कि उन्हें सीएम के साथ इस तरह बात करने और उनके साथ भोजन करने का मौका मिला। कार्यक्रम में दो सौ के करीब लोगों ने सीएम के साथ भोजन किया।
पहले पीडब्ल्यूडी के रेस्ट हाउस में पहुंचे
सीएम शाम साढ़े सात बजे पीडब्ल्यूडी के रेस्ट हाउस पहुंचे। जहां सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पूनिया, सुजीत कुमार, कृष्ण बिश्नोई, प्रवीण जैन आदि ने उनका स्वागत किया। इसके बाद रात साढ़े आठ बजे जीजेयू पहुंचे। कार्यक्रम में तीनों विवि के कुलपति, एसपी आदि मौजूद थे।