हांसी जिला बनाओ अभियान को केमिस्ट एसोसिएशन के सदस्यों का समर्थन मिला है। अभियान के संयोजक धर्मवीर रतेरिया ने बताया कि एसोसिएशन के प्रधान रमन भयाना व अन्य सदस्यों ने टोल फ्री नं. 01130453616 पर मिस कॉल कर अभियान को अपना समर्थन दिया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने कहा कि वह सब 12 नवंबर को अपने प्रतिष्ठानों पर अवकाश रख कर मुख्यमंत्री मनोहर लाल की हांसी में विकास रैली में पहुंचेंगे व हांसी को जिला बनाने की मांग करेंगे। इस अवसर पर राजकुमार मनचंदा, प्रमोद ठकराल, विजय अग्रवाल, नरेन्द्र जैन, गुलशन भुटानी, प्रवीन, कुलदीप, राजेन्द्र अग्रवाल, विकास भयाना, सर्व व्यापार मंडल संयोजक प्रवीन तायल, विजय बंसल, गौरव भारतीय आदि उपस्थित रहे।
वहीं, सेंट पीटर्ज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हरियाणा संयुक्त विद्यालय संघ की बैठक पीएल आहुजा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। संघ के पूर्व अध्यक्ष सतीश वर्मा ने बताया कि इस दौरान अध्यक्ष बलराज सिंह ने 12 नवंबर को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के हांसी आगमन पर सभी प्राइवेट स्कूलों में अवकाश रख कर रैली में भाग लेने का आह्वान किया। इस पर सभी प्राइवेट स्कूल संचालकों ने सहमति जता दी। इस अवसर पर प्राचार्य तेलू राम रामायण वाले, अनिल कुमार, सतीश वर्मा, रामअवतार सिंह, देवेन्द्र रावल, बलराज सिंह, रघबीर लाठर, राजकुमार शर्मा, प्रेम खुराना, तिलक राज मेहंदीरता, सुरेश पंघाल, राजबीर सिंह, कांता, सरदार हरिदंर पाल आदि उपस्थित रहे।
डीसी, एसपी सहित अन्य अधिकारियों ने किया रैली स्थल का दौरा
हांसी में 12 नवंबर को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की विकास रैली को लेकर विश्राम गृह में उपायुक्त निखिल गजराज, एसडीएम अनिल नागर, रैली के संयोजक प्रो. छत्तरपाल सिंह सहित अन्य विभाग के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान अनाज मंडी में रैली के दौरान सीटिंग अरेंजमेंट से लेकर, पानी, सेनिटेशन, सुरक्षा व्यवस्था, बिजली आदि पर चर्चा हुई। इससे पूर्व डीसी सहित अन्य अधिकारियों ने अनाज मंडी पहुंच कर जनसभा स्थल का दौरा किया गया। इस अवसर पर उनके साथ एसपी अश्विन शैणवी, एएसपी राजेश कुमार, एसडीएम अनिल नागर, हुडा अधिकारी सुमित कुमार, डीएसपी नरेन्द्र कादयान, पूनम श्योराण आदि उपस्थित रहे।
रैली में की जाएगी फुटवियर पार्क की मांग : प्रो. छत्तरपाल
हांसी में 12 नवंबर को मुख्यमंत्री मनोहर लाल की विकास रैली को लेकर रैली के संयोजक प्रो. छत्तरपाल सिंह ने मोची मोहल्ला में लोगों को आमंत्रित करने पहुंचे। इस दौरान छत्तरपाल सिंह ने कहा कि हांसी शहर में जूता उद्योग के लिए फुटवियर पार्क बने व उससे जुड़े दलितों को स्थाई रोजगार मिले। कारीगरों को कच्चा माल शहर में ही उपलब्ध हो। यह सभी मांग वह सीएम के समक्ष रैली में रखेंगे। विधानसभा प्रभारी अशोक कनौजिया ने कहा कि 12 नवंबर का दिन हांसी के लिए त्योहार के समान दिन होगा। पार्षद व भाजपा नेता अशोक ढालिया ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री हांसी में फुटवियर पार्क बनाने की घोषणा करते है तो हजारों लोगों को जूता उद्योग के माध्यम से रोजगार मिलेगा वहीं हांसी को अंतर्राष्ट्रीय ख्याति भी जूता उद्योग में प्राप्त होगी। इस अवसर पर धन्ना राम गहलोत, सीता राम ढालिया, हुक्म चन्द गहलोत, आशा राम डाबी, शिव लाल, कमल निर्माण, पप्पू चायल, घड़सी राम, कालु सिसोदिया, शंकर सिसोदिया आदि उपस्थित रहे।
जिले की मांग को लेकर ओएसडी को सौंपा ज्ञापन
हांसी जिला संघर्ष समिति की बैठक गोसाई गेट बाहर प्राचीन पंचमुखी हनुमान मंदिर में आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री के ओएसडी कैप्टन भूपेन्द्र सिंह ने भी शिरकत की। इस दौरान महंत सागरनाथ ने कैप्टन को समिति द्वारा हांसी को जिला बनाए जाने को लेकर किए जा रहे संघर्ष के बारे में बताया। वहीं, समिति अध्यक्ष रामनिवास फौजी के नेतृत्व में इस दौरान कैप्टन को ज्ञापन भी सौंपा गया।
हांसी को जिला बनाने की घोषणा नहीं तो करेंगे प्रदर्शन : योगी
हांसी। हांसी में 12 नवंबर को होने वाली रैली में अगर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर हांसी को जिला बनाने की घोषणा नहीं करते है तो इसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। यह बात हरियाणा केश कला एवं कौशल बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष व कांग्रेस नेता योगेन्द्र योगी ने वीरवार को विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। इस अवसर पर कांग्रेस नेता व पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व सदस्य तेलूराम जांगड़ा, राजेश कासनिया, शमशेर सिंह मलिक व पूर्व सरपंच सुदेश यादव उपस्थित रहे।
हांसी को अपना गौरव लौटा दो : टुटेजा
स्थानीय विश्राम गृह में नगर के लोगों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पंचनंद स्मारक समिति के अध्यक्ष अशोक मल्होत्रा ने की।
बैठक को संबोधित करते हए समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष लवकेश टुटेजा ने कहा कि पिछले लंबे अरसे से हांसी को जिला बनाने की मांग चलती आ रही है। अब समय आ गया है, जब इस मांग पर कार्रवाई करते हुए इसे अमल में लाया जाए। उन्होंने कहा कि हांसी एक ऐतिहासिक नगरी है। मुख्यमंत्री से अपील करते है कि वह हांसी को जिला घोषित कर हांसी को उसका गौरव लौटा दो। इस अवसर पर अशोक कनौजिया, पार्षद अशोक ढालिया, धर्मवीर रतेरिया, रमेश भुटानी, सतीश, सोनू खान, पंकज कोचर, सुमित, संजय धमीजा आदि उपस्थित रहे।