बालसमंद की अनाज मंडी में सड़क के सैंपल लेती मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम।
हिसार। गांव बालसमंद स्थित सब अनाज मंडी में कथित अनियमितताओं की शिकायत के बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने मौके पर जाकर निर्माण कार्यों की जांच की। टीम ने मंडी परिसर में बनी सड़कों और सीसी (कंक्रीट) प्लेटफॉर्मों (फड़) के सैंपल भरे। अब इन सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। सैंपल रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता हिसार रेंज की इंचार्ज सुनैना ने बताया कि हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने गांव बालसमंद में सब अनाज मंडी का निर्माण करवाया है। मंडी में फसल रखने के लिए सीसी से फड़ बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा सड़कों का निर्माण भी कराया गया है। करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से यह निर्माण कार्य टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से एक ठेकेदार को अलॉट किया गया था।
दुकानदारों का कहना है कि ठेकेदार ने घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया है जिससे नई बनी सड़कें कई जगहों से उखड़ने लगी हैं। इसके अलावा मंडी में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था भी नहीं की गई जिससे बारिश के दिनों में परेशानी बढ़ने की आशंका है। इस अवसर पर हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के एसडीओ भरत सिंह, एसडीओ सुरेंद्र रेड्ढू, जेई भवन वधवा, ईएसआई कृष्ण कुमार, एएसआई सुरेंद्र मौजूद रहे।