हिसार। डॉ. भावना यादव की जलाकर हत्या मामले में आखिरकार पुलिस ने वीरवार को रेवाड़ी निवासी आरोपी उदेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उसे शुक्रवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी। इस दौरान उससे जलाने में इस्तेमाल किए गए केमिकल और इस वारदात को क्यों अंजाम दिया, के बारे में पूछताछ की जाएगी। उधर, इस मामले में उदेश की पत्नी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें दावा किया कि डॉ. भावना दीवार फांदकर उदेश के क्वार्टर में घुसी थी और खुद को आग लगाकर सुसाइड का प्रयास किया था। बाद में उसकी मौत हो गई।
डीएसपी तनुज शर्मा ने बताया कि भावना यादव हत्या मामले में पुलिस की चार टीमें काम कर रही थीं। बुधवार को भावना की मां व परिवार के अन्य लोग एसपी-डीसी से मिले। इसके बाद एक अतिरिक्त टीम का गठन किया गया। दो टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापा मार रही थी। एक टीम ने उदेश के गांव लिलोध पहुंच कर उसके परिजनों से बातचीत की। इसी बीच सिविल लाइन थाना पुलिस की टीम ने उदेश को हिसार से ही गिरफ्तार कर लिया। एचएयू में उदेश के क्वार्टर से जुटाए गए साक्ष्यों को जांच के लिए लैब में भेजा गया है।
एचएयू की फुटेज से हुई एसयूवी की पहचान
पुलिस ने एचएयू प्रशासन से क्लर्क उदेश के क्वार्टर के आसपास की फुटेज हासिल की। तीन नंबर गेट से उदेश के क्वार्टर तक की फुटेज की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान एक फुटेज में उदेश एक एसयूवी में डॉ. भावना को ले जाता दिखा। पुलिस ने इस एसयूवी की पहचान की। जांच में पता चला कि गाड़ी एचएयू के हॉस्टल में मैस संचालक अनिल की है। पुलिस ने उससे भी पूछताछ की। उसने बताया कि उदेश ने कहा था कि कोई लड़की जल गई है उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए गाड़ी की जररूत है।
दोनों में लंबे समय से थी दोस्ती..
पुलिस ने उदेश व भावना के मोबाइल की कॉल रिकॉर्ड निकाली। इसमें पता लगा है कि उदेश दूर का रिश्तेदार है। दोनों में लंबे समय से जान पहचान तथा दोस्ती थी। परिजनों ने उदेश से दूर करने के लिए भावना को एमबीबीएस करने के लिए फिलिपींस भेजा था। इस बीच उदेश के परिवार ने उसकी शादी कर दी थी। भावना के फिलिपींस से लौटने पर उदेश फिर से उसके संपर्क में आ गया। फिलहाल पुलिस यह पता लगा रही है कि भावना कब हिसार और कब एचएयू में स्थित उदेश के क्वार्टर में पहुंची और दोनों में ऐसा क्या हुआ कि नौबत भावना की हत्या तक पहुंच गई। सवाल यह भी है कि उदेश ही भावना को अस्पताल क्यों ले गया। भावना ने विरोध क्यों नहीं किया। वारदात के दौरान उसकी चीख किसी ने क्यों नहीं सुनी।
आरोपी उदेश को गिरफ्तार कर लिया है। टीमें हत्या के अलग-अलग एंगल से जांच कर रही हैं। हमने कुछ साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी से पूछताछ में काफी कुछ सवालों के जवाब मिल जाएंगे।
तनुज शर्मा, डीएसपी, हिसार
-
उदेश की पत्नी का वीडियो वायरल.. बोलीं- दीवार फांदकर में क्वार्टर में घुसी थी भावना
हिसार। उदेश की पत्नी का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें बताया कि 21 अप्रैल को भावना का उसके पास फोन आया। उसने पूछा, तुम्हारे पति कहां है? इस पर मैंने कहा कि घर पर है तो कहा, कोई प्रूफ दो। मैंने मना कर दिया। उसने कहा कि वीडियो बनाकर भेजो। इस पर उदेश के मोबाइल की वीडियो बनाकर भेज दी। 23 अप्रैल को उदेश डयूटी पर गए और वहां से फोन आया कि मैंने भावना को चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) में देखा है। इस पर मैंने कहा, आप क्वार्टर पर मत जाना, किसी दोस्त के पास चले जाना। रात करीब 9.15 बजे पति का फोन आया। उन्होंने बताया कि वह क्वार्टर के बाहर था। अंदर जाकर देखा तो भावना ने आग लगा रखी थी। आग बुझाकर उसे अस्पताल लेकर गया। इसके बाद उदेश रेवाड़ी आ गए। वह डर गए थे। इस कारण छिप गए थे। उदेश की पत्नी ने दावा किया कि भावना दीवार फांदकर क्वार्टर में घुसी और खुद को आग लगाई।