हिसार। नगर निगम की प्रॉपर्टी टैक्स शाखा में पैसे लेकर एक प्रॉपर्टी के टैक्स रिकॉर्ड में गड़बड़ी करने के मामले में शामिल एक कर्मचारी ने वीरवार को कारण बताओ नोटिस का जवाब अधिकारियों को सौंप दिया। इस जवाब में कर्मचारी ने डीएमसी पर पूछताछ के दौरान उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। साथ ही कर्मचारी ने कहा है कि अधिकारी के दबाव में आकर उसने पैसे लेने की बात कबूली है।
बता दें कि निगम की प्रॉपर्टी टैक्स शाखा में दो कर्मचारियों (बेलदार) ने रिश्चत लेकर प्रॉपर्टी टैक्स रिकॉर्ड में कब्जाधारी को ही प्राॅपर्टी का मालिक दिखा दिया। उधर पीड़ित पक्ष ने इस मामले में आजाद नगर थाने में केस दर्ज करवा दिया, जिस पर कार्रवाई करते हुए थाने ने निगम प्रशासन से उक्त प्रॉपटी के मालिकाना हक संबंधी दस्तावेज मांगे। इस पर निगम अधिकारियों ने दोनों कर्मचारियों से पूछताछ की तो दोनों कर्मचारियों ने अधिकारियों के सामने रिश्वत लेने व प्रॉपर्टी टैक्स रिकॉर्ड में गड़बड़ी करने की बात कबूली।
अन्य कर्मचारी भी संदेह के घेरे में
अभी तक इस मामले में एक सचिव व दो बेलदार (ऑपरेटर पद पर तैनात) को ही कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। हालांकि अन्य कर्मचारी भी संदेह के घेरे में हैं। फिलहाल एक ही बेलदार ने नोटिस का जवाब दिया है। सचिव व एक अन्य बेलदार ने नोटिस का जवाब नहीं दिया है।
अभी जांच जारी है। शुक्रवार को सचिव की तरफ से नोटिस का जवाब मिल जाएगा। जल्द ही इस मामले की जांच रिपोर्ट तैयार कर दी जाएगी। - विरेंद्र सहारण, डीएमसी, नगर निगम