नारनौंद। सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत का 10 जनवरी को नारनौंद उपमंडल और अपने पैतृक गांव पेटवाड़ में आगमन प्रस्तावित है। इसके लिए प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। एसडीएम विकास यादव ने बताया कि सीजेआई सूर्यकांत स्थानीय तहसील भवन के भूतल पर कोर्ट का शुभारंभ कर नए कोर्ट भवन की आधारशिला रखेंगे। इसके बाद उनके पैतृक गांव पेटवाड़ में ग्रामीणों की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।
इसके चलते हांसी जिले के एसपी अमित यशवर्धन ने शुक्रवार शाम उपमंडल मुख्यालय और उनके गांव का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था समेत सभी तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। एसपी अमित यशवर्धन और एसडीएम विकास यादव ने उपमंडल परिसर का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने उपमंडल परिसर के पीछे बिजली निगम कार्यालय से सटी भूमि का निरीक्षण किया, जहां नए कोर्ट भवन का शिलान्यास प्रस्तावित है। एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग और वीवीआईपी की आवाजाही के लिए पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने सीजेआई के पैतृक गांव पेटवाड़ स्थित स्टेडियम का दौरा कर वहां प्रस्तावित कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उपमंडल परिसर के पीछे प्रस्तावित भूमि पर नया कोर्ट भवन करीब एक वर्ष के भीतर बन जाएगा। इस मौके पर मास्टर ऋषिकांत, बीडीपीओ सत्यवान बूरा, सरपंच सतबीर पेटवाड़ मौजूद रहे।