हिसार। तोशाम मार्ग पर एक निजी अस्पताल के सामने सड़क पार करते समय वाहन की चपेट मेंं आकर घायल हुए सिविल इंजीनियर रोहित जेटली (29) की उपचार के दौरान मंगलवार रात मौत हो गई। मृतक मूलरूप से रोहतक के किला मोहल्ला का रहने वाला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान पर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पीएलए में रहने वाले विजय ने बताया कि रोहित जेटली एक ठेकेदार के पास काम करता था। ठेकेदार द्वारा तोशाम मार्ग पर एक अस्पताल का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। दो दिन पहले रोहित वहां का काम देखने के लिए आया था। रात को वह साइट से घर जाने के लिए निकला था। तोशाम मार्ग पर निजी अस्पताल के सामने से सड़क पार करते समय एक वाहन चालक ने उसे टक्कर मार दी। राहगीरों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। मंगलवार रात उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।