रेलवे स्टेशन पर जांच करते सुरक्षाकर्मी।
हिसार। दिल्ली में सोमवार शाम कार में धमाके के बाद पुलिस ने जिले भर में हाई अलर्ट जारी किया, लेकिन कुछेक जगहों को छोड़कर शहर के प्रमुख चौराहों पर सन्नाटा पसरा रहा। यहां पुलिसकर्मी गायब थे और राहगीर बेरोकटोक आवाजाही कर रहे थे। रेलवे स्टेशन पर जीआरपी कर्मियों ने रेलगाड़ियों में कोच के अलावा डॉग स्कवॉयड के साथ यात्रियों के सामान की गहनता से जांच की।
एहतियात के तौर पर महाराजा अग्रेसन एयरपोर्ट पर भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। अब तक कोई व्यक्ति एयरपोर्ट परिसर में दाखिल होता था तो टर्मिनल में दाखिल होते समय ही जांच की जाती थी। मगर अब टर्मिनल से पहले भी जांच की जाएगी। अलर्ट के मद्देनजर जीआरपी व आरपीएफ ने रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध नजर आने वाले लोगों से पूछताछ भी की गई। पुलिस को चौक-चौराहों पर विशेष चेकिंग अभियान शुरू करने के निर्देश दिए। इसके बाद कई जगह पुलिसकर्मी मुस्तैद दिखे और कार चालकों को रुकवाकर जांच करते नजर आए। राइडर व पीसीआर को भी लगातार गश्त करने को कहा गया, लेकिन चौराहों पर इनकी मौजूदगी नजर नहीं आई।
दिल्ली से आ रहे वाहनों की जांच
पुलिस ने दिल्ली की ओर से आ रहे सभी वाहनों की तलाशी ली। इनमें सवार लोगों से पूछताछ की गई। एंबुलेंस को रोककर उनमें सवार लोगों से भी पूछताछ की गई। जिंदल चौक पुलिस पोस्ट खाली रही जबकि दूसरी दिशा में दिल्ली से आने वाले वाहनों को रोका गया। सातरोड से साउथ बाईपास पर सन्नाटा पसरा था। सिरसा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर महाराणा प्रताप चौक पर पुलिस नहीं थी। कैंप चौक, फव्वारा चौक, महारानी लक्ष्मी बाई चौक, पुरानी सब्जी मंडी चौक पर 10 से 10.30 बजे के बीच कोई पुलिसकर्मी नजर नहीं आया।
रेलवे स्टेशन पर जांच करते सुरक्षाकर्मी।
रेलवे स्टेशन पर जांच करते सुरक्षाकर्मी।