ट्रक यूनियन की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे व अवैध वसूली की शिकायत की जांच करतीं मुख्यमंत्री उड़न
हिसार। शहर की नई अनाज मंडी के समीप स्थित भाईचारा ट्रक यूनियन की जमीन पर कथित अवैध कब्जा एवं दुकानदारों से अवैध वसूली किए जाने की शिकायत पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने संज्ञान लिया है। सोमवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना व उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
प्रदेश सरकार को शहर के कुछ नागरिकों ने एक लिखित शिकायत भेजी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नई अनाज मंडी के निकट स्थित भाईचारा ट्रक यूनियन की भूमि कई वर्ष पूर्व सरकार ने यूनियन को आवंटित की थी। वर्तमान समय में यूनियन के अधिकांश मूल सदस्यों का निधन हो चुका है जिसके बाद कुछ लोगों ने उक्त जमीन पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर लिया है।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि कुछ व्यक्तियों ने यूनियन की जमीन पर निर्माण सामग्री (रेत-बजरी) विक्रेताओं को प्लॉट आवंटित कर रखे हैं और उनसे नियमित रूप से अवैध वसूली की जाती है जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी विवाद को लेकर दुकानदारों और स्थानीय लोगों के बीच लड़ाई-झगड़े होने के आरोप लगाए गए हैं।