हिसार। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को नलवा विधानसभा क्षेत्र में धन्यवाद रैली को संबोधित करेंगे। पुलिस और प्रशासन ने सीएम के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे।
जिलाधीश अनीश यादव ने बताया कि सीएम सुबह 9 बजे गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) में चौधरी रणबीर सिंह ऑडिटोरियम में संत नामदेव जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इसके बाद पनिहार फार्म परिसर में धन्यवाद रैली को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर सीएम हिसार-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कैंट के निकट बनाए गए स्वागत गेट (अशोक द्वार) का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद मॉडल टाउन में मुंशी प्रेमचंद लाइब्रेरी का शिलान्यास और मुकलान से स्याहड़वा सड़क के सुदृढीकरण कार्य की आधारशिला रखेंगे। उन्होंने बताया कि जीजेयू और पनिहार फार्म हाउस परिसर को सुरक्षा के दृष्टिगत रेड जोन घोषित कर धारा 163 लागू करने के आदेश जारी किए हैं। कार्यक्रम स्थल के 2 किलोमीटर के दायरे में किसी भी प्रकार का हथियार ले जाने, बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने और सड़क के दोनों तरफ वाहन खड़ा करने पर प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा के ळिए 300 पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। दोनों आयोजन स्थलों के लिए अलग-अलग डीएसपी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। रैली में लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा, विधायक रणधीर पनिहार, पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई व भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।