हांसी। राजकीय महाविद्यालय में दाखिला प्रक्रिया के बाद भी काफी संख्या में सीटें बची हुई हैं। बची सीटों पर दाखिले के लिए उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने 21 अक्तूबर से आवेदन के लिए पोर्टल को फिर से खोला है, लेकिन पोर्टल खोले जाने के बाद भी आवेदन में कोई रुझान देखने को नहीं मिला। राजकीय महाविद्यालय की में स्नातकोत्तर सीटों पर दाखिले के लिए महज 13 आवेदन हासिल हुए हैं। 27 अक्तूबर को बची हुई सीटों पर दाखिले के लिए फिजिकल काउंसिलिंग होगी। उपस्थित बच्चों की मेरिट के हिसाब से दाखिले किए जाएंगे। यहां सबसे ज्यादा बीए, बीकॉम व बीएससी में सीटें बची हुई हैं। बीकॉम व बीएससी में आधी सीटें भी नहीं भरी गई। महाविद्यालय में बीए में 400 में 320 सीटें भरी हुई हैं व 80 सीटें खाली हैं। बीकॉम की 180 सीटों में से 42 सीटें भरी हुई हैं व 138 सीटें खाली हैं। बीएससी फिजिकल साइंस की 180 सीटों में से 23 सीटें भरी हैं व 157 सीटें खाली हैं। वहीं बीसीए की 60 में से 59 सीटें भरी गई हैं। महज एक सीट खाली है। इसके अलावा पीजीडीसीए की 40 में से 13 सीटें भर गई हैं। 27 सीटें खाली हैं। वहीं एमकॉम की 50 में से 9 सीटें भरी हैं, 41 सीटें खाली हैं।
बची हुई सीटों पर दाखिले के लिए पोर्टल खोला है। 27 अक्तूबर को फिजिकल काउंसिलिंग के जरिए सीटें भरी जाएंगी। जिन विद्यार्थियों ने अब तक दाखिला नहीं लिया है, वह आवेदन कर दाखिला ले सकते हैं। - अनिल कुमार, नोडल ऑफिसर, राजकीय महाविद्यालय।