हिसार। मौसम में बदलाव के बाद क्षेत्र में अब सर्दी-खांसी व वायरल बुखार का प्रकोप दिन प्रतिदिन बढ़ रहा है। पिछले सप्ताह हुई बारिश और ओलावृष्टि का असर लोगों के स्वास्थ्य पर दिखाई देने लगा है। नागरिक अस्पताल में बच्चाें से लेकर बुजुर्ग बुखार, खांसी, जुकाम और गले में खरास होने की दवा लेने के लिए आ रहे हैं। वहीं, बच्चाें में निमोनिया के केस सामने आए हैं। रोजाना दोनों ओपीडी में करीब 250 मरीज उपचार के लिए आ रहे हैं।
नागरिक अस्पताल के फिजिशियन डॉ. ज्ञानेंद्र ने बताया कि मौसम में बदलाव के साथ ही वायरल बढ़ने लगा है। जब मौसम में परिवर्तन होता है तो मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़ जाते हैं। इस मौसम में खांसी करीब 10 दिन में ठीक हो रही है। इसके अलावा जो अब सुबह और रात की ठंड हैं वह बुजुर्गाें के लिए नुकसानदायक है।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. भूमिका ने बताया कि मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव का असर बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। बच्चों में बुखार और खांसी के मामले बढ़ रहे हैं। निमोनिया के रोजाना 4 से 5 मामले आ रहे हैं। गंभीर बच्चों को अस्पताल में भर्ती करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस मौसम में अभिभावक बच्चों की सही तरीके से देखभाल नहीं करते जिस कारण बच्चों को सर्दी लग जाती है। बच्चाें को हर समय गर्म कपड़े पहना कर रखें। बुखार होने पर तुरंत चिकित्सक की सलाह लें।
ऐसे करें बचाव
गर्म पानी पिएं, गर्म कपड़े पहनें, बच्चों को गर्म कपड़े पहनाकर रखें, फास्ड फूड न खाएं, सुबह शाम की सैर न करें, ठंडी चीजों का खाने से बचें। पंखा न चलाएं, अपने आस-पास सफाई रखें, रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए दालचीनी, अदरक इलायची का सेवन करें।