हिसार। हरियाणा पुलिस के कर्मचारियों की वर्दी में बदलाव किया गया है। अब मामलों की जांच करने वाले पुलिसकर्मी खाकी की जगह काले रंग की सीटी डोर और बैरट और पी-कैप पहनेंगे। पुलिस विभाग तरफ से आम नागरिकों की सुविधा को देखते हुए यह बदलाव किया है ताकि शिकायतकर्ता को पता चल सके कि मामले का जांच अधिकारी कौन है।
इससे पहले सभी कर्मचारियों की एक जैसी खाकी वर्दी थी। हालांकि खाकी रंग की वर्दी में बदलाव नहीं किया गया है। पुलिस कर्मचारियों की कैप के रंग में जहां बदलाव किया गया है, वहीं कुछ और भी बदलाव किए गए है।
रैंक के अनुसार अलग होगी वर्दी
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस कर्मचारियों की वर्दी में जो बदलाव किए गए है उसमें निरीक्षक, सब निरीक्षक, एएसआई और मुख्य सिपाही, जो लोअर या इंटर स्कूल हैं और जांच अधिकारी नहीं हैं वे खाकी रंग की बैरट और पी-कैप और खाकी रंग की सीटी डोर पहनेंगे। इसके अलावा उक्त कर्मी जो लोअर अथवा इंटर स्कूल पास नहीं हैं वे भी खाकी रंग की पी-कैप व बैरट कैप और खाकी रंग की ही सीटी डोरी पहनेंगे। वहीं निरीक्षक, सब निरक्षक, एएसआई और मुख्य सिपाही जो लोअर या इंटर स्कूल पास हैं और अनुसंधानकर्ता का कार्य कर रहे हैं वे केवल काले रंग की बैरट और पी-कैप के साथ काले रंग की सीटी डोर पहनेंगे।