नेशनल स्कूली क्रिकेट प्रतियोगिता अंडर 19 में विजेता चंडीगढ़ की टीम ट्राफी के साथ।
हिसार। 69वीं नेशनल स्कूल गेम्स अंडर-19 बॉयज क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब मंगलवार को चंडीगढ़ की टीम ने जीत लिया। फाइनल मुकाबले में चंडीगढ़ ने पंजाब को सुपर ओवर में हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और दर्शकों को कड़े तथा रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
सुबह 8 बजे शुरू हुए पहले सेमीफाइनल में पंजाब ने हरियाणा को दो विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल चंडीगढ़ और बिहार के बीच खेला गया, जिसमें चंडीगढ़ ने चार विकेट से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। हार्ड लाइन मुकाबले में हरियाणा ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए बिहार को 124 रनों से शिकस्त दी।
फाइनल में पंजाब और चंडीगढ़ के बीच मुकाबला निर्धारित ओवरों में टाई रहा, जिसके बाद परिणाम सुपर ओवर से तय हुआ। चंडीगढ़ ने दबाव में संयम और आक्रामकता दिखाते हुए सुपर ओवर में जीत हासिल की और खिताब अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में देशभर से 30 टीमों के 551 खिलाड़ियों ने भाग लिया। मैचों का आयोजन जिले के आठ खेल मैदानों में किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन 5 दिसंबर को कैमरी स्थित स्काई हॉक क्रिकेट अकादमी मैदान में हुआ था।