हिसार। संयुक्त पात्रता परीक्षा (सीईटी) की तैयारियों के बीच प्रशासन ने 26 व 27 जुलाई को शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पाबंद लगा दी है। यातायात पुलिस ने दो दिन के लिए रूट प्लान तैयार किया है। सभी मुख्य चौक चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। जिले में 45 भवनों में बनाए गए 66 परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा के मद्देनजर एक परीक्षा केंद्र पर 8 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने वीरवार को बताया कि 26 व 27 जुलाई को परीक्षा के लिए 1.16 लाख परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। महिला अभ्यर्थियों के साथ उनके परिजन भी होंगे। भीड़ के मद्देनजर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए दो दिन भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। पुलिस उप अधीक्षक तनुज शर्मा को यातायात पर्यवेक्षण अधिकारी नियुक्त किया है। बरवाला चुंगी, सिविल अस्पताल मोड़, बस स्टैंड, तलाकी गेट, नागोरी गेट, परिजात चौक, रानी लक्ष्मीबाई चौक, फव्वारा चौक, कैंप चौक और डाबड़ा चौक पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित कोचिंग सेंटर, स्टेशनरी व फोटोकॉपी की दुकानें बंद रहेंगी। बस स्टैंड पर भी विशेष निगरानी के लिए बस स्टैंड चौकी प्रभारी को निर्देश दिए गए हैं। भारी वाहनों को बाईपास मार्ग का प्रयोग करने की सलाह दी गई है। वहीं, नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को क्रेन से हटवाया जाएगा।
दिव्यांगों को कोई दिक्कत न आए
उपायुक्त अनीश यादव ने वीरवार को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के प्रतिनिधियों, ड्यूटी मजिस्ट्रेट तथा परीक्षा केंद्र अधीक्षकों के साथ बैठक कर दिव्यांगजन परीक्षार्थियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। परीक्षा केंद्रों पर बिजली की निर्बाध आपूर्ति और इसके वैकल्पिक इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र के अंदर ड्यूटी में तैनात किसी भी कर्मचारी या अन्य के पास मोबाइल फोन नहीं होना चाहिए। उपायुक्त ने कहा, कोई व्यक्ति किसी अन्य अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने का प्रयास करता है, तो ऐसे प्रकरण को गंभीरता से लिया जाएगा। उस व्यक्ति की तत्काल गिरफ्तारी की जाएगी। परीक्षा केंद्र अधीक्षक ऐसी किसी भी अनैतिक गतिविधि की तुरंत सूचना दें। सभी कक्षों में घड़ी लगाई जानी चाहिए।