हिसार। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की कक्षा 12वीं की पूरक (सप्लीमेंट्री) परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। परीक्षा 28 जुलाई से आयोजित होगी। आवेदन की अंतिम तिथि 8 जुलाई निर्धारित की गई है। प्रत्येक विषय के लिए 320 रुपये परीक्षा शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा।
बोर्ड के अनुसार, स्कूल परीक्षा संगम पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों का पंजीकरण करेंगे। स्कूल मुखिया अपने लॉगिन आईडी से विद्यार्थियों का विवरण, विषय, फोटो और अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करेंगे। आवेदन से पहले सभी जानकारियों का सत्यापन आवश्यक होगा क्योंकि गलत जानकारी या अधूरे दस्तावेज के कारण आवेदन निरस्त हो सकता है।
मुख्य परीक्षा में किसी एक विषय में कंपार्टमेंट प्राप्त करने वाले विद्यार्थी पूरक परीक्षा देकर इसी शैक्षणिक सत्र में उत्तीर्ण होने का अवसर प्राप्त कर सकेंगे। बोर्ड के नियमों के अनुसार पात्र विद्यार्थी प्रदर्शन सुधार (इम्प्रूवमेंट) के लिए भी आवेदन कर सकते हैं।
सीबीएसई ने पात्र निजी अभ्यर्थियों को भी आवेदन की अनुमति दी है। ऐसे अभ्यर्थी निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी करने पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। बोर्ड ने विद्यार्थियों और स्कूलों को अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी करने तथा विषय, व्यक्तिगत विवरण और दस्तावेजों की सावधानीपूर्वक जांच करने की सलाह दी है। अंतिम तिथि के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
:::::::
विद्यार्थियों से अपील की है कि आवेदन की अंतिम तिथि से पहले सभी औपचारिकताएं पूरी कर लें। इससे तकनीकी समस्याओं या सर्वर पर अधिक भार के कारण होने वाली परेशानियों से बचा जा सकेगा। परीक्षा संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता और अन्य जानकारी आधिकारिक अधिसूचना तथा परीक्षा संगम पोर्टल पर उपलब्ध है। - नीरू, सीबीएसई, कोऑर्डिनेटर