औद्योगिक प्लॉटों की बंदरबांट मामले में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा से जुड़े मामले की जांच की आंच हिसार तक आ गई है। पूर्व सीएम हुड्डा के समय में सेक्टर 27-28 में भी प्लॉटों की अलॉटमेंट जारी की गई थी। उस वक्त जारी किए गए सभी प्लॉटों से जुड़ी 69 फाइलें सीबीआई ने मंगवाईं। हुडा अधिकारियों ने यह फाइलें सीबीआई को देने के लिए मुख्यालय पंचकूला भेजी हुई हैं। सीबीआई इन फाइलों को खंगाल रही है। इधर, पूर्व सीएम हुड्डा पर शिकंजा कसता देख हुडा अधिकारियों के चेहरों का रंग भी बदलता दिख रहा है। मामले को लेकर कोई भी अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है।
हुड्डा के सीएम रहते यहां भी हुई थी अलॉटमेंट जारी
भूपेंद्र सिंह हुड्डा के सीएम रहते वर्ष 2008 में यहां भी यहां प्लॉट आवंटन किए गए थे। सीबीआई ने पंचकूला के औद्योगिक प्लॉट के आवंटन को जांच में शामिल किया है। वर्ष 2008 में हुडा ने सेक्टर 29-28 के 69 प्लॉट मालिकों को अलॉटमेंट जारी किया था।
जांच जारी, नहीं आईं फाइलें
हुडा अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने मुख्यालय के माध्यम से 14 जुलाई वर्ष 2016, यानी पिछले साल 69 प्लॉटों की फाइलें मंगवाई थीं। इन फाइलों को सीबीआई बारीकी से जांच कर रही है कि ये किन लोगों के नाम अलॉटमेंट है। इनमें कहीं पूर्व सीएम के रिश्तेदार या अन्य कोई नजदीकी तो नहीं। फाइलें तब से लेकर अब तक वापस नहीं भेजी गई हैं।
प्लॉट आवंटियों से भी हो सकती है पूछताछ
जांच के घेरे में आए 69 प्लॉट मामले में आवंटियों से भी पूछताछ हो सकती है। हालांकि यह जांच के बाद तय हो पाएगा कि इसमें घोटाला हुआ है या नहीं। अगर कहीं सीबीआई को अंदेशा लगा तो आवंटियों को भी पूछताछ में शामिल किया जाएगा।
सेक्टर 27-28 की 69 फाइलें मुख्यालय भेजी गई थीं। ये फाइलें सीबीआई ने जांच के लिए मंगवाई थीं। अभी तक फाइलें वापस नहीं आई हैं।
- सुमित कुमार, इस्टेट ऑफिसर हुडा हिसार